बरेली: शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र स्थित परसाखेड़ा औद्योगिक इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पेंट फैक्टरी के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। सुबह करीब 11 बजे लगी इस आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया। आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे कर्मचारियों में दहशत फैल गई और अफरा -तफरी का माहौल बन गया।
शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, पेंट के ड्रम बने खतरा
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। गोदाम में बड़ी मात्रा में पेंट से भरे ड्रम रखे होने के कारण आग ने तेजी से फैलना शुरू कर दिया। देखते ही देखते आग की लपटें ऊंची उठने लगीं और हालात बेकाबू होते नजर आने लगे, जिससे आसपास के उद्योगों पर भी खतरा मंडराने लगा।
फायर ब्रिगेड और बीएल एग्रो टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। इसके साथ ही बीएल एग्रो ऑयल की फायर टीम ने भी तुरंत मोर्चा संभाल लिया। कर्मचारियों ने तेजी से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए लगभग एक घंटे तक लगातार अभियान चलाना पड़ा।
कोई जनहानि नहीं, सामान जलकर राख
इस घटना में राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन गोदाम में रखा सामान काफी हद तक जलकर नष्ट हो गया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।
क्या बोली पुलिस?
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और मिलकर आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया था।इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है, और मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
