बरेली : यूपी के बरेली देहात के शीशगढ़ थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गश्त कर रही पुलिस टीम पर संदिग्धों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पनवड़िया पुल के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस ने घेराबंदी करते हुए जवाबी कार्रवाई की और दो आरोपियों को घायल अवस्था में पकड़ लिया। वहीं तीसरा साथी मौके का फायदा उठाकर अंधेरे और जंगल की आड़ में फरार हो गया, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है।
पशु अवशेष मिलने के बाद से पुलिस थी अलर्ट, लंबे समय से चल रही थी निगरानी
दरअसल, तीन अप्रैल को किच्छा नदी किनारे संरक्षित पशु के अवशेष मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इस घटना के बाद से ही पशु तस्करों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी और कई पुलिस टीमें इस नेटवर्क को पकड़ने में जुटी थीं। शनिवार सुबह मिली सफलता इसी कार्रवाई का हिस्सा मानी जा रही है।
दो आरोपी घायल, हथियार और उपकरण बरामद, तीसरे की तलाश जारी
मुठभेड़ के दौरान अब्दुल रहमान और दानिश कुरैशी नाम के दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस को इनके पास से अवैध तमंचे, कारतूस, नकदी और पशु वध में इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिले हैं। फरार आरोपी आरिफ की तलाश में पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
