वृद्धावस्था पेंशन की समस्याओं का मौके पर समाधान, जिलाधिकारी ने जारी किए निर्देश
बरेली : वृद्धावस्था पेंशन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिले के सभी विकास खंडों में 20 से 22 अप्रैल तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। यहां पेंशनधारकों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जाएगा। डीएम अविनाश सिंह ने इस संबंध में सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए तैयारियां पूरी करने को कहा है। 20 अप्रैल को फरीदपुर, भुता, क्यारा, रामनगर, मझगवां, मीरगंज और नवाबगंज ब्लॉकों में शिविर लगाए जाएंगे। वहीं 21 अप्रैल को फतेहगंज पश्चिमी, आलमपुर जाफराबाद, बहेड़ी और भदपुरा में शिविर आयोजित होंगे।
22 को भोजीपुरा और शेरगढ़ में
इसके साथ ही 22 अप्रैल को भोजीपुरा, शेरगढ़, रिछा और बिथरी चैनपुर ब्लॉकों में यह शिविर लगाए जाएंगे। सभी शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक ब्लॉक सभागारों में आयोजित किए जाएंगे।प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि ग्राम सचिव, प्रधान और पंचायत सहायकों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को इसकी जानकारी दी जाए, ताकि वे समय पर पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकें। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी शिविरों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र बुजुर्ग पेंशन से वंचित न रहे और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।
