बरेली : एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए 17 शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। इससे दो दिन पहले भी 25 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई थी। जिससे जिले में लगातार अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसमें बरेली बवाल के आरोपी पार्षद अनीस सकलैनी की भी हिस्ट्रीशीट खोली गई है।
यह 17 हैं हिस्ट्रीशीटर

शहर के थाना इज्जतनगर से सलमान और जगदीश, थाना सुभाष नगर से रोहित, थाना भमोरा और फतेहगंज पूर्वी से सियानंद उर्फ श्याम, रविंद्र उर्फ राजू (धनोरा), कल्लू (सिग्मा), विनोद राठौर (रामपुरा कमान), थाना हाफिजगंज से हरनाम सिंह उर्फ काकू (तिगरा), थाना कैंट से कल्लू उर्फ दुमका (मिर्जापुर) और थाना बारादरी से राजीव राणा, जुनैद, इमरान उर्फ बंबइया, वसीम, आफताब गुद्दी, शेखर, शाकिर के नाम शामिल हैं। जिन पर लंबे समय से गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने का आरोप है।
गंभीर अपराधों में लंबे समय से संलिप्तता

पुलिस के मुताबिक ये सभी आरोपी चोरी, लूट, नकबजनी, छिनैती, छेड़छाड़, वाहन चोरी, मादक पदार्थ तस्करी, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में लंबे समय से शामिल रहे हैं, जिसके चलते इन पर सख्त निगरानी जरूरी हो गई थी।
हर 15 दिन में होगी समीक्षा, ‘यक्ष ऐप’ से ट्रैकिंग
अब पुलिस हर 15 दिन में इन सभी हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों की जांच करेगी और उनकी लोकेशन, मुलाकातें और गतिविधियां ‘यक्ष ऐप’ के जरिए डिजिटल रूप से ट्रैक की जाएंगी, जिससे रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सकेगी और पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अपराधियों पर अब पूरी तरह नजर रखी जाएगी और किसी भी हाल में उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
