बरेली/बदायूं : यूपी के बदायूं जिले के कुंवरगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। देसी शराब के ठेके पर काम करने वाले सेल्समैन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद ठेके से नकदी लूट कर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस की जांच में लूट की बात सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि मृतक को पहले से धमकियां मिल रही थीं और किसी विवाद को लेकर तनाव भी बना हुआ था। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
ठेका बंद करने से पहले हुई वारदात, दो बदमाशों ने दिया अंजाम
यह घटना कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव दिगुरैया की है। यहां मंगलवार रात लगभग 10 बजे देसी शराब के ठेके पर मौजूद सेल्समैन मुकेश (35 वर्ष), जो बिनावर थाना क्षेत्र के गांव रंझौरा निवासी था। वह रोजाना की तरह दिनभर की बिक्री का कैश गिन रहा था। तभी बाइक सवार दो बदमाश ठेके पर पहुंचे। एक बदमाश ने तमंचा निकालकर सीधे मुकेश पर गोली चला दी। गोली लगते ही मुकेश मौके पर गिर पड़ा। हमलावर ठेके से कैश लेकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस घायल मुकेश को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी, एसएसपी और एसपी देहात मौके पर पहुंचे
वारदात की सूचना मिलते ही जिले के आला अधिकारी हरकत में आ गए। एसएसपी डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह, एसपी देहात, एसओजी टीम सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है और घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतक के परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है। परिजनों का कहना है कि मुकेश को पहले से धमकियां मिल रही थीं और किसी से उसका विवाद भी चल रहा था। उन्होंने इस वारदात को लूट के साथ-साथ सुनियोजित हत्या बताया है।
एसएसपी बोले, हत्या की गुत्थी सुलझाई जा रही है
घटना को लेकर एसएसपी डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह ने मीडिया से कहा, “प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। लूट की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है, लेकिन जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।”
परिजनों में कोहराम, गांव में फैली सनसनी
मुकेश की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन बेसुध हैं और गांव में मातम पसरा है। वहीं, इस जघन्य वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने ठेके पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
