बलिया : यूपी के बलिया जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) से सेवानिवृत्त 62 वर्षीय इलेक्ट्रिशियन देवेंद्र राम की हत्या उनकी पत्नी माया देवी ने अपने 19 साल छोटे ट्रक ड्राइवर प्रेमी अनिल कुमार के साथ मिलकर की। हत्या इतनी नृशंसता से की गई कि शव के छह टुकड़े कर दिए गए और उन्हें अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या के पीछे का कारण अवैध संबंधों में बाधा बनना

बलिया एसपी ने मीडिया को में बताया कि देवेंद्र राम, हरिपुर थाना खेजुरी के निवासी थे और दिसंबर 2023 में बीआरओ से रिटायर हुए थे। वह बहादुरपुर में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनकी पत्नी माया देवी के अनिल कुमार से अवैध संबंध थे, जो कि देवेंद्र को नागवार लगते थे। देवेंद्र जब भी इसका विरोध करते, माया उनसे झगड़ती और उलाहना देती।
हत्या की रात,अचानक घर लौटे पति और हो गई वारदात
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन देवेंद्र राम अपनी छोटी बेटी सुप्रिया को कोटा से लाने की बात कहकर घर से निकले थे। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक वह सुबह 11:49 बजे बहादुरपुर स्थित अपने घर पहुंचे। उसी समय घर में माया देवी अपने प्रेमी अनिल कुमार के साथ थी। देवेंद्र को अचानक देखकर दोनों के बीच बहस हुई और इसी बीच अनिल ने दाव से हमला कर दिया। उसने देवेंद्र के दोनों हाथ, दोनों पैर और सिर को काट डाला।
शव के छह टुकड़े कर बोलेरो में भरकर फेंका
वारदात के बाद माया, अनिल और उसके दो साथी मिथिलेश और सतीश ने मिलकर शव के टुकड़े बोलेरो गाड़ी में रखे और अनिल के गांव “खरीद” ले गए। वहां पर टुकड़ों को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाया गया। हाथ और पैर एक बगीचे में, जबकि सिर और धड़ को पॉलीथिन में बांधकर पास के पुराने कुएं में फेंक दिया गया।
बेटी ने मां पर जताया शक, FIR से पर्दाफाश
देवेंद्र के गायब होने के बाद उनकी बेटी अंबली गौतम ने मां माया देवी और अनिल कुमार पर हत्या का शक जताते हुए थाना कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने जब माया को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कुएं से धड़ और अन्य स्थानों से शरीर के अन्य अंग बरामद किए।
पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ अनिल कुमार, सतीश भी दबोचा गया
देर रात टाउन पॉलिटेक्निक के पास चेकिंग के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। अनिल कुमार ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाब में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल हो गया। मौके से सतीश को भी गिरफ्तार किया गया। उनके पास से अवैध कट्टा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई।
माया के पहले भी थे कई अवैध संबंध, मोहल्लेवालों ने भी किया था विरोध
जांच में सामने आया है कि माया देवी के पहले भी खरीद गांव के एक युवक से अवैध संबंध थे। उसी युवक के साथ घर आने-जाने के दौरान उसकी जान-पहचान अनिल से हुई और फिर संबंध बन गए। रिटायरमेंट के बाद देवेंद्र राम ने जब पत्नी के चरित्र पर सख्ती दिखाई, तो माया और अनिल ने उसे रास्ते से हटाने का षड्यंत्र रच डाला।
