रामपुर : सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में बिना अनुमति दो संदिग्ध युवकों के प्रवेश करने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। सीआरपीएफ में तैनात उप कमांडेंट सौरव राजपूत की तहरीर के अनुसार, दोनों युवक बाइक से कैंप परिसर के अंदर घुस आए थे। ड्यूटी पर मौजूद गार्ड को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्हें रोककर पूछताछ की गई। शुरुआत में दोनों युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और गार्ड को गुमराह करने का प्रयास करते रहे।
सख्ती से पूछताछ करने पर एक युवक ने अपना नाम नईम निवासी पटवाई और दूसरे ने भूरा निवासी घोसीपुरा बताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआरपीएफ प्रशासन ने तुरंत सिविल लाइंस थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उनका चालान कर दिया। घटना के बाद कैंप की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। ओमकार सिंह ने बताया कि दोनों युवकों से पूछताछ जारी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों संदिग्धों के मोबाइल फोन, पहचान पत्र और संपर्कों की गहन जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि उनका कैंप में घुसने का उद्देश्य क्या था और कहीं उनका किसी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि से संबंध तो नहीं है।
गौरतलब है कि यह वही सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर है, जहां 31 दिसंबर 2007 को आतंकवादी हमला हुआ था। उस हमले में आतंकियों ने एके-47 और हथगोले के साथ कैंप में घुसकर फायरिंग की थी, जिसमें सात जवान शहीद हुए थे और एक नागरिक की भी जान गई थी। उसी घटना के बाद से यहां सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई थी। हालिया घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी प्रकार की चूक से बचने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
