कानपुर दौरे पर सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार को घेरा, बोले – जब मुख्यमंत्री खुद इंजीनियर बनेंगे तो सड़कें कैसे टिकेंगी?
कानून -व्यवस्था, भ्रष्टाचार, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दों पर साधा निशाना
लखनऊ/कानपुर : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा से मिला हुआ है और मतदाताओं के वोट कटवाने की साजिश की जा रही है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने फर्जी दस्तखत से वोट कटवाने वालों को पकड़ा, लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
जब मुख्यमंत्री खुद इंजीनियर बनेंगे तो सड़कें कैसे टिकेंगी?

सपा प्रमुख ने प्रदेश सरकार पर सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर तीखा हमला बोला। कानपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि “जब मुख्यमंत्री जी खुद ही इंजीनियर बन जाएंगे, जब सरकार ही कमीशन लेगी तो सड़क की गुणवत्ता कैसे रहेगी।” अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रदेश में निर्माण कार्यों में भारी कमीशनखोरी हो रही है, जिसके चलते सड़कों और अन्य परियोजनाओं की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि कई परियोजनाएं उद्घाटन के कुछ समय बाद ही खराब होने लगीं, जो सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती हैं।
भाजपा की राजनीति बांटो और राज करो

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की विभाजनकारी नीतियां लोगों को आपस में लड़ाने और डराने का काम करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता का ध्यान भ्रष्ट शासन और प्रशासन से हटाने के लिए समाज में भय और अस्थिरता का माहौल बनाती है। उन्होंने कहा भाजपाई संगी-साथियों की साजिश और चालबाजी से पर्दा हट चुका है, जनता इस बार इन्हें हमेशा के लिए हटा देगी।
कानपुर को ट्रेड ट्रायंगल बनाने का वादा

कानपुर दौरे के दौरान अखिलेश ने कहा कि यदि सपा सरकार बनी तो, कानपुर-इटावा-कन्नौज को ट्रेड ट्रायंगल के रूप में विकसित किया जाएगा। लाल इमली कारखाना फिर से शुरू कराया जाएगा। औद्योगिक विकास को नई गति दी जाएगी।उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार ने ही कानपुर में मेट्रो, बिजली परियोजनाएं और कई औद्योगिक इकाइयां शुरू कराईं थीं।
भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था पर हमला
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और कानून-व्यवस्था फेल होने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा प्रदेश में अवैध कारोबार बढ़ा है, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं।महिलाएं और बेटियां सबसे अधिक असुरक्षित हैं। अस्पतालों में गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हटने पर गरीबों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया जाएगा।
शिक्षामित्रों और युवाओं को लेकर भी वादा
पूर्व सीएम अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार बनने पर शिक्षामित्रों और युवाओं को सम्मान और न्याय दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकार में शिक्षामित्रों को अधिक वेतन मिलता था और भविष्य में उन्हें बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी।
BBC जैसी पत्रकारों की संस्था हर जिले में बनाएंगे
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने पत्रकारों को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि उनकी सरकार बनने पर बीबीसी जैसी स्वतंत्र पत्रकार संस्था जिले-जिले में बनाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा, “ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी जिससे पत्रकार किसी पर निर्भर न रहें और स्वतंत्र होकर काम कर सकें।” अखिलेश ने कहा कि लोकतंत्र में स्वतंत्र पत्रकारिता बेहद जरूरी है और मीडिया को दबावमुक्त वातावरण मिलना चाहिए। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीतिक और मीडिया हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
