बरेली : शहर के बड़ा बाईपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधोली गांव के पास लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पहले मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई थी, लेकिन अब पुलिस द्वारा जारी अपडेट में सभी मृतकों का विवरण सामने आ गया है।
5 लोगों की मौत की पुष्टि, कई घायल
इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में बोलेरो सवार मनमोहन सिंह निवासी टांडा सिकन्दरपुर, नगरिया विक्रम, बरेली, सिकन्दर निवासी कल्याणपुर, चकतीर्थ, पीलीभीत और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। वहीं बाइक सवार साहबजाद खान और मुमताज निवासी अटाकायस्थान, थाना सीबीगंज की भी इस हादसे में मौत हो गई। हादसे में बोलेरो चालक प्रिंस समेत दो बच्चे घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से नवोदय हॉस्पिटल, मिनी बाईपास भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फंसे युवक को सुरक्षित निकाला
हादसे के बाद बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और एक युवक अंदर फंस गया था। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कटर और अन्य उपकरणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिसका उपचार चल रहा है।
तेज रफ्तार बनी वजह, पुलिस जांच में जुटी
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। पुलिस के मुताबिक अब 5 मौतों की पुष्टि हो चुकी है और सभी घायलों को इलाज के लिए भेज दिया गया है। ट्रैफिक सुचारू करा दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, आगे की कार्रवाई जारी है।
टैंकर का खराब था एक्सेल
एसपी सिटी मानुष पारीक ने मीडिया को वीडियो जारी कर बताया कि बड़ा बाईपास पर एक टैंकर खड़ा था। उसका एक्सेल टूट गया था। इसमें पीछे से आ रही एक महिंद्रा कंपनी की बोलेरो कार घुस गई। इसके पीछे बाइक घुस गई। जिसके चलते पांच लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं। इसके साथ ही हादसे की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
