2027 चुनाव को लेकर सपा मुखिया का संदेश-हर बूथ मजबूत करने का आह्वान, सैफई में ड्रोन गिरने पर कसा तंज
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं को संबोधित करते हुए पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को मजबूत करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं में इस अभियान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
पीडीए सरकार बनेगी, तभी संविधान बचेगा!
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने संदेश में कहा कि जब पीडीए सरकार बनेगी, तभी संविधान सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि संविधान बचेगा तो अधिकार और आरक्षण भी सुरक्षित रहेगा। इसके साथ ही युवाओं को बिना भेदभाव रोजगार और अवसर मिलेंगे। उन्होंने युवाओं को नया नारा देते हुए कहा कि “पीडीए को जिताएंगे, संविधान को बचाएंगे”
सैफई में ड्रोन गिरने पर अखिलेश यादव का तंज
इटावा के सैफई क्षेत्र के नंदपुर गांव में गेहूं के खेत में अचानक एक बड़ा ड्रोन गिरने से दहशत और अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने पहले इसे मिसाइल समझ लिया, जिससे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को लेकर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि अगर यह किसी सरकारी परीक्षण का हिस्सा था, तो पहले जनता को जानकारी क्यों नहीं दी गई? उन्होंने सवाल उठाया कि अगर ड्रोन खेत की बजाय किसी आबादी वाले इलाके में गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि “जब ड्रोन ही सही से नहीं उड़ पा रहा, तो जहाज क्या उड़ाएंगे? “उन्होंने सैफई की हवाई पट्टी के रखरखाव को लेकर भी बीजेपी सरकार को घेरा और कहा कि सरकार परीक्षणों में भी नाकाम साबित हो रही है।
किसानों को मुआवजे की मांग
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने मांग की है कि किसान के खेत में हुए नुकसान का आंकलन किया जाए और उसे उचित मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही भविष्य में ऐसे सभी परीक्षण आबादी से दूर, सुरक्षित क्षेत्रों में किए जाएं। उन्होंने कहा 2027 का चुनाव बेहद अहम होगा और इस बार युवा पूरी सतर्कता के साथ चुनाव में भाग लेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में घपले और गड़बड़ियों की कोशिश करती है, लेकिन इस बार पीडीए युवा हर बूथ पर नजर रखेंगे।
चुनावी घुसपैठियों’ पर कड़ी नजर रखने के निर्देश
अखिलेश यादव ने कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले फर्जी वोटर्स पर नजर रखी जाए। ऐसे लोगों को पकड़कर सबूत के साथ पुलिस को सौंपा जाए। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने में युवा अहम भूमिका निभाएं।
