बरेली : यूपी के बरेली जिले में शनिवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ी सक्रियता देखने को मिली, जब मंडलायुक्त (कमिश्नर) भूपेंद्र एस चौधरी और डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में अलग-अलग तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किए गए। इस दौरान अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए कि आमजन की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापरक निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
Comshiner का सख्त रुख, लाइव मॉनिटरिंग पर जोर

तहसील सदर में आयोजित समाधान दिवस में कमिश्नर ने रजिस्टर और उपस्थिति का निरीक्षण किया और कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का शीघ्र निस्तारण जरूरी है ।जिला मुख्यालयों पर लाइव मॉनिटरिंग पहले से लागू है, जल्द ही तहसील स्तर पर भी होगी। IGRS पोर्टल पर आने वाली शिकायतों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फोन पर फीडबैक लिया जाए कि वह संतुष्ट है या नहीं।
बिचौलियों पर सख्ती, सीधे शिकायत करने की अपील

कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और लोगों को जागरूक किया जाए कि वे अपनी समस्याएं सीधे लेकर आएं, किसी बिचौलिये का सहारा न लें।
आंवला में DM का निर्देश, समय पर बैठें, बेहतर व्यवहार करें

इसके साथ ही तहसील आंवला में आयोजित समाधान दिवस में डीएम अविनाश सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा सभी अधिकारी रोजाना सुबह 9:45 से 12:00 बजे तक कार्यालय में बैठें, और शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें। फरियादियों के साथ सम्मानजनक और बेहतर व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि हर शिकायत का समाधान ऐसा हो, जिससे शिकायतकर्ता संतुष्ट हो।
भूमि कब्जा और किसान सम्मान निधि के मामले उठे
समाधान दिवस में कई महत्वपूर्ण शिकायतें सामने आईं। इसमें ग्राम देवचरा में भूमि कब्जे की शिकायत पर SDM को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। रम्पुरा भूड़ और अलीनगर में किसान सम्मान निधि की किश्त बंद होने के मामलों में जिला कृषि अधिकारी को निस्तारण के आदेश
अधिकारियों की मौजूदगी
इस दौरान सदर और आंवला तहसीलों में उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, पुलिस व विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे और मौके पर ही कई शिकायतों का निस्तारण किया गया। कमिश्नर और डीएम की सख्ती से साफ संकेत मिल रहा है कि अब शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर पूरी तरह गंभीर है।
