1.50 लाख नकद समेत सोने-चांदी के जेवर ले उड़े चोर… सुबह लौटे परिवार को टूटा मिला ताला, थाना बारादरी में शिकायत
बरेली : शहर के बारादरी में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां शादी समारोह में गए परिवार के घर को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने थाना बारादरी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानें क्या है पूरा मामला?
पीड़ित इमरान खान निवासी जगतपुर (आकाशपुरम रोड, पानी की टंकी के सामने) के मुताबिक, 1 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6 बजे वह अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए रामपुर गए थे। 2 अप्रैल की सुबह करीब 2 बजे पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर में चोरी हो गई है। सूचना मिलने पर जब परिवार वापस लौटा तो घर के सभी कमरों और अलमारियों के ताले टूटे हुए मिले।
क्या-क्या हुआ चोरी?
चोर घर में रखी नकदी और कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान में 1,50,000 नकद, सोने की चेन (12 ग्राम), पेंडेंट (5 ग्राम), सोने के बाले (5-6 ग्राम), सोने के कड़े (10 ग्राम) सोने की अंगूठियां (लगभग 25 ग्राम), डायमंड बाली (अनुमानित कीमत 50,000) आदि सामान है। बताया जाता है कि यह सूचना 112 पर दी गई थी।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना परिवार ने तुरंत यूपी-112 पर दी। इसके बाद थाना बारादरी पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। पीड़ित इमरान खान ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और उनका सामान बरामद किया जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
