डायल 112 पर दी गलत सूचना, जांच में निकला मामला झूठा… बरेली पुलिस की रिपोर्ट के बाद बिजनौर एसपी ने की कार्रवाई
बरेली/बिजनौर : उत्तर प्रदेश में पुलिस महकमे से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सिपाही को खुद ही फर्जी सूचना देना भारी पड़ गया। संरक्षित पशु काटे जाने की झूठी सूचना देने के आरोप में बिजनौर में तैनात सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।जानकारी के मुताबिक, सिपाही गुलाम मुर्तजा, जो मूल रूप से बरेली जिले के शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बूंची का निवासी है, और वर्तमान में बिजनौर के हल्दौर थाने में तैनात था। उसने 28 मार्च को डायल 112 पर अपने ही गांव में संरक्षित पशु काटे जाने की सूचना दी थी। मगर, यह फर्जी थी।
जांच में खुली पोल
सूचना मिलते ही यूपी 112 पुलिस और शीशगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।जांच में पाया गया कि दी गई सूचना पूरी तरह से फर्जी थी। इसके बाद शीशगढ़ पुलिस ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य को भेजी।
रिपोर्ट के आधार पर एक्शन
बरेली से रिपोर्ट बिजनौर भेजे जाने के बाद वहां के एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिपाही गुलाम मुर्तजा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। बिजनौर एसपी के पीआरओ धीरज सिंह सोलंकी ने “The Justice Hindi” इसकी पुष्टि की है।
पुलिस महकमे में सख्त संदेश
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में साफ संदेश गया है कि फर्जी सूचना देने वालों पर, चाहे वह खुद पुलिसकर्मी ही क्यों न हों, सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में आगे विभागीय जांच की भी संभावना जताई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सिपाही ने आखिर फर्जी सूचना क्यों दी।
