पश्चिमी विक्षोभ का असर, आज भी बारिश के आसार, गेहूं-सरसों की फसल पर मंडराया खतरा
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से ही आसमान में घने बादल छा गए और देखते ही देखते रिमझिम बारिश शुरू हो गई।करीब दो घंटे तक लगातार बारिश और तेज हवाओं ने पूरे शहर का मौसम बदल दिया। बारिश के चलते जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री कम होकर 29.4°C और न्यूनतम तापमान 19.5°C दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना हो गया।
पश्चिमी विक्षोभ बना वजह, आज भी बारिश के संकेत
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार ने मीडिया को बताया कि पंजाब-हरियाणा क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर अब मैदानी इलाकों तक पहुंच रहा है। जिसके चलते शनिवार को भी गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
किसानों की बढ़ी चिंता, फसल पर संकट

बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इस समय खेतों में गेहूं और सरसों की फसल कटाई के लिए तैयार खड़ी है। तेज हवाओं और बारिश के कारण फसल गिरने (लॉजिंग) का खतरा है, तो वहीं कटाई में देरी हो सकती है। उत्पादन पर असर पड़ेगा। किसानों का कहना है कि अगर बारिश का सिलसिला जारी रहा तो भारी नुकसान हो सकता है।
बदायूं और पीलीभीत में बढ़ीं मुश्किलें

बदायूं में भी रिमझिम बारिश से मौसम सुहावना हो गया, लेकिन सड़कों पर फिसलन और कीचड़ ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं पीलीभीत में आधी रात के बाद तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई, जो सुबह तक जारी रही। यहां भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने अगले 1–2 दिनों तक हल्की बारिश और तेज हवाओं के आसार जताते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
