लखनऊ : उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बयानबाज़ी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए भ्रष्टाचार, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
घूसखोरी पर सीधा वार
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक कथित वीडियो और घटनाक्रम का हवाला देते हुए कहा कि अब हालात ऐसे हो गए हैं कि “अंडर टेबल” नहीं बल्कि “ओवर टेबल” घूस ली जा रही है। उनका आरोप है कि अधिकारियों को अब किसी कैमरे या कार्रवाई का डर नहीं रहा, क्योंकि यह पैसा “ऊपर तक जाता है।”उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार में बिना पैसे के कोई फाइल आगे नहीं बढ़ती और यह व्यवस्था पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।
स्वास्थ्य मंत्री और भर्ती प्रक्रिया पर सवाल
पूर्व सीएम ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के एक स्वास्थ्य मंत्री के “आर्थिक साझेदार” बिना किसी जांच-पड़ताल और पुलिस वेरिफिकेशन के लोगों को संविदा पर रख रहे हैं। जिससे आपराधिक घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने मांग की कि कार्रवाई सबसे पहले जिम्मेदार लोगों से शुरू होनी चाहिए।
पुलिस पर भी निशाना
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने एक पुलिसकर्मी पर लगे घूसखोरी के आरोपों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अब देखना होगा कि आरोपी पुलिसकर्मी को सस्पेंड किया जाएगा या “गुड वर्क” का प्रशंसा पत्र देकर प्रमोशन दे दिया जाएगा।
राजनीतिक संदेश और हमला तेज
उन्होंने भाजपा शासन को “महाभ्रष्टाचार का काल” बताते हुए कहा कि पूरे सिस्टम में पारदर्शिता खत्म हो गई है और जनता का भरोसा कमजोर हो रहा है।
ईद पर दिया भाईचारे का संदेश
राजनीतिक हमले के बीच अखिलेश यादव ने देशवासियों को ईद की मुबारकबाद भी दी। उन्होंने कहा कि “यूँ तो सबके अपने-अपने चाँद हैं, पर ईद का चाँद एक है।” इस संदेश के जरिए उन्होंने आपसी भाईचारे, एकता और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
