बरेली : रमज़ान के मुक़द्दस महीने के आख़िरी जुमे यानी जुमा-तुल-विदा के मौके पर बरेली पूरी तरह इबादत और रूहानियत में डूबा नजर आया।जिले की 1383 मस्जिदों में हजारों रोज़ेदारों ने नमाज़ अदा कर मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और भाईचारे की दुआ मांगी। हालांकि, इस बार रमजान में पांच जुमें पड़े हैं। रमजान के 30 वें रोजे यानी आज इफ्तार के बाद रोजदारों ने ईद का चांद देखा। इसमें बाद एक दूसरे को मुबारकबाद पेश की। शनिवार (21 मार्च) को बरेली समेत देश भर में ईद -उल-फितर मनाई जाएगी। जिसके चलते शहर की बाजारों में चांद रात में काफी भीड़ थी। यहां लोगों ने देर रात खरीदारी में जुटे थे।
जामा मस्जिद में उमड़ी भारी भीड़
शहर की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में दोपहर 1:30 बजे मुख्य नमाज़ अदा की गई। यहां शहर इमाम मुफ्ती खुर्शीद आलम ने खुत्बा दिया और नमाज़ पढ़ाई। उन्होंने अपने बयान में कहा कि रोजदारों के लिए ईद ईमान है। उन्होंने कहा कि रमज़ान इंसान को सब्र, इबादत और जरूरतमंदों की मदद का पैगाम देता है। नमाज़ के बाद देश में अमन-चैन और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई।
दरगाह आला हज़रत में खास नमाज़
दरगाह आला हज़रत की रज़ा मस्जिद में शाम 3:30 बजे नमाज़ अदा की गई। इस मौके पर मौलाना सुब्हान रज़ा खान, मुफ्ती अहसन रज़ा खान मौजूद रहे। मुफ्ती अहसन मियां ने अपील की ईद -उल-फितर की नमाज़ से पहले फ़ित्रा अदा करें। उन्होंने कहा अपने पास पड़ोस के लोगों का भी ईद उल फितर पर ख्याल रखें, और खुशियों को एक दूसरे के साथ बांटे। जरूरतमंद मुसलमान भी ईद की खुशियों में शामिल हो सकें। इसका हर मुसलमान को ख्याल रखने की जरूरत है।
21 मार्च को मनाई जाएगी ईद-उल-फितर
मगरिब की नमाज के बाद आसमान में चांद नजर आया। उलमा-ए-कराम ने अब 21 मार्च (शनिवार) को पूरे देश में ईद-उल-फितर मनाने का ऐलान किया। जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान ने भी इसकी पुष्टि की।
पूरे शहर में दिनभर नमाज़ का सिलसिला
शहर की प्रमुख दरगाहों और मस्जिदों में अलविदा जुमा की नमाज़ अदा की गई। इसमें दरगाह ताजुश्शरिया, दरगाह शाह शराफ़त अली मियां,खानकाह-ए-नियाज़िया, मोती मस्जिद, नूरानी मस्जिद,सुनहरी मस्जिद, नौमहला मस्जिद हर जगह नमाज़ियों की भारी भीड़ देखने को मिली।
नम आंखों से रमज़ान को कहा अलविदा
अलविदा जुमा के मौके पर रोज़ेदारों की आंखें नम नजर आईं। लोगों ने गुनाहों की मग़फिरत, देश में अमन-चैन अगले साल फिर रमज़ान नसीब हो की दुआएं की।
सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, ड्रोन से निगरानी
एसएसपी अनुराग आर्य के नेतृत्व में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, और ईद पर भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। 152 क्लस्टर मोबाइल टीमें तैनात कर संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी की PAC और RRF की तैनाती भी की गई थी। हालांकि, प्रशासन ने पहले ही पीस कमेटी की बैठकें कर शांति बनाए रखने की अपील की थी।
