बरेली : बरेली में होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अश्लीलता, भड़काऊ पोस्ट या शस्त्र प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अश्लील गीत बजाने पर होगी कड़ी कार्रवाई

एसएसपी ने निर्देश दिए कि होली पर डीजे संचालक केवल होली, भक्ति या फिल्मी गीत ही बजाएं। अश्लील गीत बजाकर माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना स्तर पर डीजे संचालकों के साथ बैठक कर नियमों से अवगत कराने के आदेश दिए गए हैं।
होलिका दहन स्थलों का सत्यापन, CCTV से निगरानी
दो और तीन मार्च की रात होने वाले होलिका दहन कार्यक्रमों को लेकर सभी स्थलों का पूर्व सत्यापन करने और निर्धारित समय पर आयोजन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और अग्निशमन विभाग से समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने को कहा गया है।
इंटरनेट मीडिया पर नजर, अफवाह फैलाने पर कार्रवाई
एसएसपी ने इंटरनेट मीडिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही हूटर और सायरन के अनावश्यक प्रयोग पर रोक लगाने, पीआरवी की लोकेशन अपडेट रखने और डायल-112 की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
शस्त्र प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित
होली के दौरान किसी भी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रेमनगर, सुभाषनगर, कैंट और किला थानों के प्रभारियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई न करने पर प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं।
होली से पहले पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम चेक
होली से पहले पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त औचक निरीक्षण कर डायल -112 और थानों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण में रमित शर्मा, अजय कुमार साहनी और एसएसपी अनुराग आर्य शामिल रहे।
रिस्पॉन्स टाइम का विवरण
पीआरवी 5059-9 मिनट पुलिस अधीक्षक नगर व सीओ प्रथम-12 मिनट, प्रभारी निरीक्षक बारादरी-14 मिनट, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली- 15 मिनट, अन्य अधिकारी और पीआरवी वाहन निर्धारित समय में मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने रिस्पॉन्स टाइम और कम करने तथा जीपीएस ट्रैकिंग का बेहतर उपयोग करने के निर्देश दिए।
शहर में पैदल गश्त, सुरक्षा का भरोसा
एसपी सिटी मानुष पारीक ने संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। थाना प्रभारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि होली के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि त्योहार शांति और भाईचारे के साथ मनाया जा सके।
