उत्तर प्रदेश में आयुष्मान कार्ड धारकों को बड़ी राहत
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। अब प्रदेश के सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अभी तक यह सुविधा केवल प्रयागराज स्थित कैंटोनमेंट अस्पताल में ही मिल रही थी, लेकिन अब शेष 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा। इसके लिए स्टेट हेल्थ एजेंसी जल्द ही सभी अस्पतालों के साथ एमओयू साइन करने जा रही है। प्रदेश में कुल 13 कैंटोनमेंट अस्पताल हैं और सरकार का उद्देश्य है कि आयुष्मान योजना का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचे। इस फैसले से खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रयागराज में पहले से मिल रही सुविधा, अब पूरे प्रदेश में विस्तार
स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) की सीईओ अर्चना वर्मा ने जानकारी दी कि जनवरी 2026 से प्रयागराज कैंटोनमेंट अस्पताल में आयुष्मान कार्ड धारकों का निशुल्क इलाज किया जा रहा है। यहां कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, मेडिकल और सर्जिकल ऑन्कोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही मरीजों को मुफ्त ओपीडी अप्वाइंटमेंट, मुफ्त जांच और गंभीर मरीजों के लिए मुफ्त परिवहन की सुविधा भी दी जा रही है। प्रयागराज में इस व्यवस्था के सफल संचालन के बाद सरकार ने इसे पूरे प्रदेश में लागू करने का निर्णय लिया है। एमओयू साइन होने के बाद लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, वाराणसी, अयोध्या, शाहजहांपुर, मथुरा, आगरा, फतेहपुर, झांसी और बबीना के कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी यह सुविधा शुरू हो जाएगी।
एमओयू के बाद पोर्टल से जुड़ेंगे अस्पताल, पारदर्शी होगा इलाज
साचीज की एसीईओ डॉ. पूजा यादव ने बताया कि कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ समन्वय से आयुष्मान कार्ड धारकों को बेहतर और विशेषज्ञ सेवाएं मिलेंगी। गंभीर और जटिल बीमारियों से ग्रस्त मरीजों को उच्च स्तरीय इलाज के साथ पिक एंड ड्रॉप की सुविधा भी दी जाएगी, ताकि उन्हें अस्पताल तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो। एमओयू के बाद सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों को आयुष्मान योजना के पोर्टल से जोड़ा जाएगा। इससे इलाज, बिलिंग और क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध हो सकेगी। सरकार का मानना है कि यह निर्णय गरीब और जरूरतमंद नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित होगा और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेगा।
