कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शुक्रवार दोपहर अचानक आए भूकंप के तेज झटकों से अफरा-तफरी मच गई। दोपहर करीब 1:20 बजे महसूस हुए इन झटकों से लोग घबराकर अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.4 मापी गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक भूकंप का केंद्र पड़ोसी देश बांग्लादेश में था, जिसके असर से कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में धरती हिलती महसूस हुई।
बांग्लादेश में था भूकंप का केंद्र, 35 किमी गहराई पर आया झटका
समाचार एजेंसी Reuters की रिपोर्ट के अनुसार यूरोपीय भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र EMSC ने बताया कि बांग्लादेश में 5.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। ईएमएससी के मुताबिक भूकंप का केंद्र धरती की सतह से करीब 35 किलोमीटर की गहराई पर था। बांग्लादेश के ढाका स्थित भूकंपीय केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार इस झटके का असर दक्षिण-पश्चिम पश्चिम बंगाल तक देखा गया, जिसके चलते कोलकाता में भी कंपन महसूस हुआ।
‘सोफा और पंखा हिलने लगे’, अब तक नुकसान की कोई सूचना नहीं
कोलकाता के एक स्थानीय निवासी ने बताया कि वे घर में बैठे थे तभी अचानक झटके महसूस हुए। सोफा और पंखा हिलने लगा, टेबल पर रखी बोतल गिर गई, जिसके बाद पूरा परिवार बाहर की ओर भागा। सोशल मीडिया पर भी भूकंप के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें लोग घबराकर सड़कों पर निकलते दिख रहे हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
