महाराजगंज : उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जनपद में शुक्रवार को एक हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर करीब 250 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती का कहना था कि वह गांव के ही एक युवक से पिछले 12 वर्षों से प्रेम करती है, लेकिन अब युवक शादी से पीछे हट रहा है। युवती ने साफ कहा कि यदि प्रेमी मौके पर नहीं आया तो वह उसके नाम का जहर खा लेगी।
पर्ची फेंककर बताई आपबीती, प्रेमी को बुलाने की शर्त
यह मामला निचलौल थाना क्षेत्र के डोमाकाटी गांव का है। युवती ने टावर से नीचे एक पर्ची फेंकी, जिसमें प्रेमी और उसके परिजनों के मोबाइल नंबर लिखे थे। साथ ही पर्ची में उसने अपने प्रेम का इजहार करते हुए भावुक संदेश लिखा था कि यदि शादी नहीं करनी थी तो इतने साल प्यार क्यों किया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह प्रेमी को बुलाने की जिद पर अड़ी रही। पुलिस ने पर्ची में दिए गए नंबरों पर संपर्क किया, तब पता चला कि युवक नेपाल चला गया है, जो उसके गांव से लगभग छह किलोमीटर दूर है।
5 घंटे की मशक्कत के बाद नीचे उतरी युवती
पुलिस के संपर्क करने पर युवक सुबह करीब साढ़े नौ बजे मौके पर पहुंचा। उसने फोन पर युवती से नीचे उतरने की अपील की, लेकिन युवती को डर था कि नीचे आते ही वह फिर भाग जाएगा। काफी देर तक चले समझाने के बाद पुलिस ने युवती को भरोसा दिलाया कि उसकी बात सुनी जाएगी और कोई गलत नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस के आश्वासन के बाद करीब पांच घंटे चले इस पूरे घटनाक्रम के बाद युवती टावर से नीचे उतरी। मौके पर मौजूद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
पुलिस ने लिया हिरासत में, जांच जारी
युवती के नीचे उतरते ही पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। निचलौल थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि युवती को सकुशल नीचे उतार लिया गया है। दोनों की उम्र और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों के अनुसार, प्रेम-प्रसंग की जानकारी होने के बाद एक साल पहले दोनों की शादी तय कर दी गई थी, लेकिन युवक द्वारा अचानक शादी से इनकार करने के बाद यह स्थिति बनी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और युवती की काउंसलिंग भी की जा रही है।
