जापान दौरे के पहले दिन सीएम योगी की बड़ी उपलब्धि
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे के पहले ही दिन निवेश के मोर्चे पर बड़ी सफलता हाथ लगी है। औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में जापान की कई दिग्गज कंपनियों ने उत्तर प्रदेश में निवेश की मजबूत इच्छा जताई है। पहले दिन करीब 11 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर समझौता ज्ञापनों यानी एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इन करारों को यूपी के औद्योगिक भविष्य के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

जापानी कंपनियों के साथ 11 हजार करोड़ के एमओयू
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में जिन प्रमुख जापानी कंपनियों के साथ समझौते हुए, उनमें कुबोता कारपोरेशन, मिंडा कारपोरेशन, जापान एविएशन इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री, नागासे एंड कंपनी लिमिटेड, सीको एडवांस, ओएंडओ ग्रुप, फूजी जापनीज जॉइंट वेंचर और फूजीसिल्वरटेक कंक्रीट प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। ये निवेश कृषि यंत्र निर्माण, औद्योगिक मशीनरी, जल और पर्यावरण अवसंरचना, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, औद्योगिक प्रिंटिंग, ग्राफिक्स, हॉस्पिटैलिटी और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में किए जाएंगे। इससे यूपी में विनिर्माण क्षमता बढ़ने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
कुबोता, मिंडा और जेएई से मजबूत होगा मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर
वर्ष 1890 में स्थापित कुबोता कारपोरेशन जापान की अग्रणी बहुराष्ट्रीय कंपनी है, जिसका मुख्यालय ओसाका में स्थित है। यह ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, इंजन और निर्माण उपकरणों के साथ-साथ जल और पर्यावरण समाधान के क्षेत्र में वैश्विक पहचान रखती है। एस्कॉर्ट्स कुबोता लिमिटेड के साथ साझेदारी के जरिए कंपनी भारत में फार्म मैकेनाइजेशन और मैन्युफैक्चरिंग विस्तार को मजबूती दे रही है। वहीं मिंडा कारपोरेशन, स्पार्क मिंडा समूह का हिस्सा है और ऑटोमोटिव कंपोनेंट निर्माण में अग्रणी मानी जाती है। जापान एविएशन इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री ऑटोमोटिव और एयरोस्पेस सेक्टर के लिए एडवांस कनेक्टर्स और इलेक्ट्रॉनिक सॉल्यूशंस में विशेषज्ञ है। नागासे एंड कंपनी लिमिटेड के साथ सहयोग से एडवांस कंपोनेंट और ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को नई दिशा मिलेगी।
भारत-जापान औद्योगिक साझेदारी को मिलेगी नई गति
सीको एडवांस, उच्च गुणवत्ता वाली स्क्रीन प्रिंटिंग इंक और कोटिंग सॉल्यूशंस के लिए जानी जाती है, जिनका उपयोग ऑटोमोटिव डीकल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स पैनल और इंडस्ट्रियल ग्राफिक्स में होता है। इसके अलावा ओएंडओ ग्रुप ने हॉस्पिटैलिटी और रियल एस्टेट सेक्टर में निवेश को लेकर करार किया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जापान दौरे के पहले दिन हुए ये एमओयू भारत और जापान के बीच औद्योगिक सहयोग को नई ऊंचाई देंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और मजबूत करने की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।
