CCTV कंट्रोल रूम पहुंचे डीएम, बरेली में बोर्ड परीक्षा पर कड़ी निगरानी
बरेली : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की परीक्षाओं को शुचितापूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में बरेली के जिलाधिकारी (डीएम) अविनाश सिंह ने सोमवार को ब्लॉक आलमपुर जाफराबाद स्थित परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने समाज कल्याण इंटर कॉलेज (सैदपुर कनी भोलापुर) तथा ग्राम्य विकास इंटर कॉलेज में संचालित बोर्ड परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण प्रणाली और निगरानी व्यवस्था का गहन परीक्षण किया।

CCTV कंट्रोल रूम तक पहुंचे DM
डीएम ने प्रत्येक परीक्षा कक्ष में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों कीbसक्रियता को कंप्यूटर कंट्रोल रूम में जाकर स्वयं चेक किया।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कैमरे पूरी तरह सक्रिय रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

परीक्षार्थियों की ली चेकिंग, दिए ये निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कुछ परीक्षार्थियों की व्यक्तिगत जांच भी की, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि परीक्षा नकलविहीन वातावरण में संचालित हो रही है। उन्होंने बच्चों को पर्याप्त दूरी पर बैठाने और परीक्षा केंद्र में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।

साफ-सफाई व्यवस्था पर फोकस
डीएम ने विद्यालय परिसर और शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों का ड्यूटी रजिस्टर भी चेक किया गया।उन्होंने स्पष्ट आदेश दिए कि परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाएं पुलिस सुरक्षा में ही केंद्र से बाहर ले जाई जाएं और सुरक्षित रूप से जमा कराई जाएं।

प्रशासन का सख्त संदेश
डीएम ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बोर्ड परीक्षा के दौरान दृश्यता, गतिशीलता और सतर्कता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, शुचिता और कड़ाई के साथ संपन्न कराया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ दुबे, विद्यालय के प्रधानाचार्य, अध्यापकगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
