बरेली: शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर 40 वर्षीय जोगेंद्र लोधी की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी थी। बताया जाता है कि जोगेंद्र अपनी पत्नी अनीता के साथ बरामदे में सो रहे थे, जबकि बच्चे अंदर कमरे में मौजूद थे। पालतू कुत्ते के भौंकने पर दोनों की आंख खुली और छत से हलचल सुनकर वे सीढ़ियों की ओर बढ़े। इसी दौरान छत से उतर रहे बदमाशों में से एक ने तमंचे से फायर कर दिया, जिससे जोगेंद्र मौके पर ही गिर पड़े। उनको अस्पताल ले जाया गया। मगर, उनको डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले की पड़ताल के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने सख्त एक्शन लिया है। उन्होंने चौंकी इंचार्च को सस्पेंड कर दिया है।
लूट की कहानी या कुछ और?
पत्नी का दावा है कि बदमाश खूंटी पर टंगा थैला लेकर फरार हो गए, जिसमें लगभग 68 हजार रुपये थे। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल की स्थिति और हालात लूट की वारदात की ओर इशारा नहीं करते। इसी वजह से पुलिस इस हत्याकांड को कई एंगल से जांच रही है।
जमीन और रिश्तों का विवाद भी जांच के घेरे में
जोगेंद्र मूल रूप से आंवला क्षेत्र के तिगरा खानपुर गांव के रहने वाले थे।आर्थिक हालात कमजोर होने पर उन्होंने गांव की जमीन गिरवी रखकर शहर में मकान बनवाया था, और कुछ समय पहले ही पूरा परिवार शहर में शिफ्ट हुआ था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार जमीन और संपत्ति से जुड़े लेन-देन को लेकर पारिवारिक स्तर पर पहले से तनाव की चर्चाएं थीं। पुलिस अब प्रॉपर्टी विवाद और आपसी रंजिश के पहलू को भी गंभीरता से खंगाल रही है।
बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
हत्या की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। 17 वर्षीय बेटी नीलम हाईस्कूल का पेपर छोड़कर बदहवास हालत में घर पहुंची। 14 वर्षीय अरुण, 12 वर्षीय भूपेंद्र और आठ साल की मधु पिता के शव के पास बिलखते नजर आए। पत्नी अनीता बार-बार बेसुध हो रही थीं।
अफसरों ने किया निरीक्षण, चौकी प्रभारी पर गिरी गाज
घटना की सूचना पर एसपी सिटी, सीओ सिटी, फॉरेंसिक टीम, एसओजी और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। रात्रि गश्त में लापरवाही सामने आने पर करगैना चौकी प्रभारी पवन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले में विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
हत्या का खुलासा अभी बाकी
फिलहाल पुलिस लूट, पारिवारिक रंजिश और संपत्ति विवाद,तीनों बिंदुओं पर समानांतर जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
