‘मन की बात’ में एआई और तकनीकी विकास पर पीएम मोदी का फोकस
दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 131वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीकी प्रगति को भारत के भविष्य का मजबूत आधार बताया। हाल ही में आयोजित एआई समिट के बाद इस विषय पर चर्चा स्वाभाविक थी। पीएम मोदी ने कहा कि एआई केवल तकनीक नहीं, बल्कि यह शासन, खेती, स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में आम नागरिक के जीवन को बेहतर बनाने का माध्यम बन रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे तकनीक को केवल उपभोग का साधन न बनाएं, बल्कि नवाचार और समाधान के रूप में अपनाएं।
ओडिशा के युवा किसान की बहु-स्तरीय खेती बनी प्रेरणा
प्रधानमंत्री मोदी ने ओडिशा के युवा किसान हिरोद पटेल की कहानी साझा करते हुए ग्रामीण नवाचार का सशक्त उदाहरण बताया। हिरोद पटेल ने पारंपरिक धान की खेती से आगे बढ़ते हुए जमीन और पानी के बेहतर उपयोग की राह चुनी। उन्होंने खेत में बने तालाब के ऊपर जालीदार ढांचा तैयार कर बेल वाली सब्जियां उगाईं, चारों ओर फलदार पेड़ लगाए और तालाब में मछली पालन शुरू किया। अब एक ही स्थान पर धान, सब्जी, फल और मछली उत्पादन हो रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि इस मॉडल से न सिर्फ आमदनी बढ़ी है, बल्कि खेती का जोखिम भी कम हुआ है। यह बहु-स्तरीय खेती आसपास के किसानों को नई दिशा दिखा रही है।
केवाईसी संदेशों पर भ्रम न रखें, यह सुरक्षा के लिए जरूरी
प्रधानमंत्री ने बैंकिंग और डिजिटल सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जब बैंकों की ओर से केवाईसी या री-केवाईसी अपडेट का संदेश आता है, तो लोग अक्सर परेशान हो जाते हैं। पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया ग्राहकों के पैसों और खातों की सुरक्षा के लिए होती है। डिजिटल युग में सतर्कता बेहद जरूरी है और समय-समय पर केवाईसी अपडेट कराना सुरक्षित बैंकिंग का अहम हिस्सा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे संदेशों को गंभीरता से लें और अफवाहों में न पड़ें।
10 माह की बच्ची के माता-पिता का अंगदान का फैसला बना मिसाल
मन की बात में पीएम मोदी ने केरल की 10 महीने की बच्ची आलिन शेरिन अब्राहम का जिक्र करते हुए पूरे देश को भावुक कर दिया। असमय मृत्यु के बाद बच्ची के माता-पिता ने अंगदान का जो निर्णय लिया, उसे प्रधानमंत्री ने साहस और मानवता का सर्वोच्च उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इस कठिन क्षण में लिया गया यह फैसला कई जरूरतमंदों को नई जिंदगी देने वाला है। पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे निर्णय समाज को संवेदनशील और करुणामय बनाते हैं।
टी20 विश्व कप और एआई समिट में भारत की वैश्विक छाप
प्रधानमंत्री मोदी ने आईसीसी टी20 विश्व कप का जिक्र करते हुए बताया कि कई देशों की टीमों में भारतीय मूल के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। कनाडा, अमेरिका, ओमान, यूएई और न्यूजीलैंड की टीमों में भारतीय जड़ों से जुड़े खिलाड़ी वैश्विक क्रिकेट में भारत की प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। साथ ही पीएम मोदी ने नई दिल्ली में आयोजित एआई समिट का उल्लेख किया, जहां अमूल के एआई आधारित डेयरी समाधान और भारत की सांस्कृतिक धरोहर को डिजिटल रूप में संरक्षित करने वाली तकनीक ने विश्व नेताओं को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि भारत तकनीक और संस्कृति दोनों में विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है। ‘मन की बात’ का यह एपिसोड तकनीक, संवेदना, नवाचार और वैश्विक पहचान का संतुलित संदेश लेकर आया, जिसने देशवासियों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा दी।
