बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी क्षेत्र में शुक्रवार रात एक शादी समारोह उस वक्त विवाद में बदल गया, जब वरमाला के बाद दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच गोत्र को लेकर कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दुल्हन पक्ष ने शादी से ही इन्कार कर दिया और बरात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।
मंडनपुर रोड के बरातघर में हुआ विवाद
यह घटना मंडनपुर रोड स्थित एक बरातघर की है। जानकारी के अनुसार, वरमाला की रस्म के बाद दोनों पक्ष की महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसी दौरान गोत्र की चर्चा सामने आई। दूल्हे का गोत्र पता चलने पर दुल्हन पक्ष ने उसी गोत्र में विवाह करने से इन्कार कर दिया।स्थिति तनावपूर्ण होने पर शादी रोक दी गई। वर पक्ष द्वारा दिया गया।सामान भी लौटा दिया गया।
थाने में समझौता, पुलिस कार्रवाई से इन्कार
शनिवार सुबह दोनों पक्ष थाने पहुंचे।वर पक्ष ने शादी में हुए खर्च का भुगतान दुल्हन पक्ष को करने की सहमति जताई। इसके बाद आपसी समझौता हो गया। इंस्पेक्टर पवन कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है, इसलिए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।
जयमाला के बाद दुल्हन बेहोश, बाद में रजामंदी से हुई शादी
इसके अलावा नवाबगंज में जयमाला के बाद दुल्हन अचानक बेहोश हो गई। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां दोपहर बाद उसे होश आया। होश में आने पर दुल्हन ने पहले शादी से इन्कार किया, लेकिन परिजनों के समझाने के बाद वह राजी हो गई। दोपहर बाद वैदिक रीति-रिवाज से विवाह संपन्न हुआ और दुल्हन पीलीभीत स्थित ससुराल के लिए रवाना हो गई। दोनों घटनाओं की क्षेत्र में चर्चा बनी रही।
