शाही क्षेत्र में देर रात हादसा, बिना हेलमेट तीनों थे एक ही बाइक पर सवार
बरेली : यूपी के बरेली देहात के शाही थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा 10 के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सेवा ज्वालापुर गांव के पास हुआ, जब तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे।
गांव से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, सेवा ज्वालापुर निवासी अरविंद (पुत्र खूबकरन), वीरेंद्र (पुत्र ओमपाल) और नरेश पाल (पुत्र नरोत्तम) शुक्रवार रात करीब 10 बजे शाही कस्बे से अपने गांव लौट रहे थे। सेवा ज्वालापुर चौराहे से करीब 100 मीटर पहले उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बरेली के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अरविंद को मृत घोषित कर दिया। वीरेंद्र और नरेश पाल का इलाज जारी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अरविंद दो भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर का था। वह हाईस्कूल का छात्र था और पढ़ाई के साथ-साथ शादी-समारोहों में वेटर का काम कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। उसकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। बताया गया कि हादसे के समय तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
पेड़ से टकराई बाइक, बरात की बग्घी से भी भिड़ंत
शाही क्षेत्र में ही शुक्रवार रात दो अन्य सड़क दुर्घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। नरखेड़ा गांव निवासी देवी दास धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर वाहन की तेज रोशनी से चकाचौंध होकर बाइक समेत पेड़ से टकरा गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, धर्मपाल नामक व्यक्ति की बाइक सामने से आ रही बरात की बग्घी से टकरा गई, जिससे वह घायल हो गए। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।
