रायबरेली : जिले के परशदेपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराई और फिर खड्ड में पलट गई। इस भीषण हादसे में कार सवार पिता, पुत्र और मामा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मृतकों की पहचान बुलंदशहर के नगालिया निवासी मुकेश कुमार (43), उनके पुत्र कुनाल और अलीगढ़ निवासी विष्णु ठाकुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों लोग कार की पिछली सीट पर बैठे थे, जिससे टक्कर के बाद उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी जान नहीं बच सकी।
शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे सभी, दो युवक गंभीर घायल
जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार, उनके बेटे कुनाल और विष्णु ठाकुर सुबह बुलंदशहर से रायबरेली स्टेशन पहुंचे थे। यहां से वे प्रतापगढ़ जाने के लिए कार से रवाना हुए थे। कार को चंदन मिश्रा (23) चला रहे थे, जबकि उनके साथ आगे की सीट पर दिव्यांशु बैठे थे। दोनों युवक प्रतापगढ़ जिले के पूरे तिलकदास मजरे लखनपुरसूर के निवासी बताए जा रहे हैं। रास्ते में परशदेपुर–रायबरेली मार्ग पर किरहीनाला गोपालपुर गांव के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पेड़ से टकराने के बाद खड्ड में पलट गई। हादसे में चालक चंदन मिश्रा और दिव्यांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि सभी लोग चंदन मिश्रा की बहन की शादी में शामिल होने के लिए प्रतापगढ़ जा रहे थे। डीह थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
