लखनऊ:उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में व्यापक स्तर पर तबादले और पदोन्नतियां कीं। अयोध्या के आईजी रहे प्रवीण कुमार को प्रोन्नति देते हुए लखनऊ जोन का अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) नियुक्त किया गया है। वहीं हाल ही में एडीजी बने सुजीत पांडेय को अग्निशमन एवं आपात सेवाओं का महानिदेशक (डीजी) बनाया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां

डीजीपी मुख्यालय के अनुसार ईओडब्ल्यू के आईजी केएस इमैन्युअल को डीजीपी का जीएसओ नियुक्त किया गया है। कानपुर नगर के संयुक्त पुलिस आयुक्त विनोद कुमार सिंह को भीमराव आंबेडकर अकादमी मुरादाबाद का आईजी बनाया गया है। गाजियाबाद के अपर पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी को वाराणसी का अपर पुलिस आयुक्त और गोरखपुर के एसएसपी राजकरन नैय्यर को प्रोन्नति के बाद गाजियाबाद का अपर पुलिस आयुक्त बनाया गया है।
प्रोन्नति के बाद कई अफसरों को महत्वपूर्ण पद

मिर्जापुर के एसपी सोमेन वर्मा को अयोध्या परिक्षेत्र का डीआईजी बनाया गया है। लखीमपुर खीरी के एसपी संकल्प शर्मा और मेरठ के एसपी विपिन टाडा को कानपुर नगर का संयुक्त पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। पीलीभीत के एसपी अभिषेक यादव को एटीएस का डीआईजी, सहारनपुर के एसएसपी आशीष तिवारी को तकनीकी सेवाओं का डीआईजी और पीटीसी मुरादाबाद के एसपी प्रताप गोपेन्द्र यादव को पुलिस मुख्यालय में डीआईजी बनाया गया है। संभल की एएसपी अनृकृति शर्मा को गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।
11 जिलों के कप्तानों में बदलाव
सरकार ने जौनपुर, खीरी, बस्ती, सुलतानपुर, सहारनपुर, गोरखपुर, मेरठ, मिर्जापुर, रायबरेली, पीलीभीत और अमेठी जिलों के पुलिस कप्तानों को बदल दिया है। कुंवर अनुपम सिंह को जौनपुर का एसएसपी बनाया गया है, जबकि ख्याति गर्ग को खीरी का एसपी नियुक्त किया गया है। यशवीर सिंह को बस्ती, चारू निगम को सुलतानपुर, अभिनन्दन को सहारनपुर, डॉ. कौस्तुभ को गोरखपुर और अविनाश पांडेय को मेरठ का एसपी बनाया गया है।इसके अलावा रवि कुमार को रायबरेली और सुकीर्ति माधव को अमेठी का नया एसपी बनाया गया है।
प्रशासनिक कसावट की तैयारी
सरकार के इस बड़े फेरबदल को कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नए अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर पुलिसिंग और प्रशासनिक सुधार की उम्मीद की जा रही है।
