रामपुर : दिल्ली-लखनऊ हाईवे-24 पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रिवर साइड इन होटल के सामने दवाइयों से लदा एक कैंटर रॉन्ग साइड से आ रही बैलगाड़ी पर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में कैंटर के नीचे दबकर चार बैलों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रविवार सुबह करीब चार बजे हुआ। बताया जा रहा है कि दवाइयों से भरा कैंटर तेज रफ्तार में था और गलत दिशा से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बैलगाड़ी को बचाने का मौका नहीं मिला और कैंटर असंतुलित होकर बैलगाड़ी पर पलट गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बैलगाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके चारों बैल कैंटर के नीचे दब गए।
हादसे के तुरंत बाद कैंटर चालक और परिचालक के साथ-साथ बैलगाड़ी के चालक और परिचालक भी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी संजीव कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बैलों को निकालने के लिए दमकल विभाग की टीम के साथ-साथ दो हाइड्रा मशीनों को मौके पर बुलाया गया।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कैंटर को हटाया जा सका, लेकिन तब तक चारों बैलों की मौत हो चुकी थी। मृत बैलों को निकालने के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जमा हो गए, जिन्होंने हादसे को लेकर नाराजगी जताई। सिविल लाइन इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन बैलों को बचाया नहीं जा सका। उन्होंने बताया कि पशु चिकित्सा अधिकारी को कई बार फोन किया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस लापरवाही को लेकर भी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, फरार कैंटर चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कैंटर चालक पानीपत का निवासी बताया जा रहा है। वहीं कैंटर हिमाचल प्रदेश के पोटा से पश्चिम बंगाल के गुवाहाटी जा रहा था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और हाईवे टोल प्लाजा की मदद से वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कैंटर को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच जारी है। यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है।
