अंबेडकरनगर : उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों से भरे सफर को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी, जिससे कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह हादसा बेवाना थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 161 किलोमीटर पॉइंट के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, सभी लोग दिल्ली से गोरखपुर की ओर जा रहे थे। कार की रफ्तार काफी तेज बताई जा रही है। इसी दौरान अचानक कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में गोरखपुर के बेलाघाट थाना क्षेत्र के रामपुर गोसाई गांव निवासी विजय कुमार यादव (50), लक्ष्मी पत्नी मुकेश (40) और छह वर्षीय मासूम वीर की मौके पर ही मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, कार चालक विनय कुमार यादव पुत्र अंश, मुकेश की पुत्री गुनगुन (14) और कनिष्का (5) सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही बेवाना थाना पुलिस और एक्सप्रेसवे की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल अकबरपुर में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर रेफर किया जा सकता है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन भी अंबेडकरनगर के लिए रवाना हो गए हैं। थानाध्यक्ष सर्वदमन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगने की वजह से हुआ प्रतीत होता है। ट्रक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा के कैमरों की मदद ली जा रही है। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान गति सीमा का पालन करें और सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
