मुंबई : जुहू इलाके में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना ने बॉलीवुड और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मचा दिया है। घटना के समय रोहित शेट्टी अपने घर के अंदर ही मौजूद थे। गनीमत यह रही कि इस फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ। सूचना मिलते ही जुहू पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई।
मुंबई पुलिस के वरिष्ठ सूत्रों के अनुसार, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग करने वाला आरोपी केवल एक ही था। पुलिस ने घटना के बाद रोहित शेट्टी का बयान भी दर्ज किया है। उनसे यह जानने की कोशिश की जा रही है कि क्या उन्हें हाल के दिनों में किसी तरह की धमकी मिली थी या किसी व्यक्ति पर उन्हें शक है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में आरोपी पैदल चलते हुए फायरिंग करता नजर आ रहा है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि हमलावर बाइक से जुहू इलाके में आया था। उसने रोहित शेट्टी के घर से कुछ दूरी पर बाइक खड़ी की और फिर पैदल चलते हुए शेट्टी टावर तक पहुंचा। घर के बाहर पहुंचते ही उसने फायरिंग की और मौके से फरार हो गया।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच ने 12 विशेष टीमें गठित की हैं, जो अलग-अलग एंगल से जांच कर रही हैं। क्राइम ब्रांच के सूत्रों के मुताबिक इस मामले में गैंगस्टर लिंक की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस घटना का संबंध हाल ही में सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग से तो नहीं है। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों के मोडस ऑपरेंडी में काफी समानताएं पाई गई हैं, जिससे शक और गहरा गया है।
हालांकि फिलहाल रोहित शेट्टी के मामले में बिश्नोई गैंग का कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिस इस एंगल से भी गहन जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं और खोखे समेत अन्य फोरेंसिक सैंपल्स को जांच के लिए भेजा गया है। जांच के दौरान एक अहम जानकारी सामने आई है कि वारदात से पहले हमलावर ने घटनास्थल के पास एक ऑटो चालक से बातचीत की थी। ऑटो चालक ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उससे पूछा था कि क्या वह उसे कल्याण ले जा सकता है। ऑटो चालक ने दूरी ज्यादा होने की बात कहते हुए उसे नजदीकी स्टेशन तक छोड़ने की बात कही। अब पुलिस इस ऑटो चालक का बयान विस्तार से दर्ज कर रही है।
गौरतलब है कि रोहित शेट्टी से पहले भी कई बॉलीवुड सेलेब्स के घर के बाहर फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग, कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैप्स कैफे पर बार-बार गोलीबारी और दिशा पाटनी के पिता के घर के बाहर हुई फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
