सहारनपुर : नागल थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव सुभरी के पास सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर, टेंपो और स्विफ्ट कार की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे सहारनपुर की ओर जा रहा एक डंपर सामने से आ रहे टेंपो को साइड से टक्कर मार बैठा। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। टेंपो में सवार आमकी दीपचंदपुर निवासी पवित्रा (38), सुभरी निवासी सोनित और वसीम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। गंभीर रूप से घायल पवित्रा को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अन्य घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
इसी दौरान पीछे से आ रही एक स्विफ्ट कार भी अनियंत्रित होकर डंपर से जा टकराई। कार में सवार सभी लोग घायल हो गए। घायल यात्रियों की पहचान चालक अनुज, मयंक कुमार, रिंपल, नीरू, जैनेंद्र और सचिन आर्य के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग शिक्षक हैं और डायट केंद्र पटनी में प्रशिक्षण के लिए जा रहे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया और यातायात को सामान्य कराया। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि फरार डंपर चालक को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
