बरेली : जिले में मंगलवार को दंपती विवादों से जुड़े दो अलग-अलग मामलों ने सनसनी फैला दी। शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में युवक की मौत को पहले आत्महत्या माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या की पुष्टि हुई है, तो वहीं, बारादरी थाना क्षेत्र में पति से विवाद के बाद एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
कमरे में फंदे से लटका मिला जितेंद्र का शव
शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र की गिरजाशंकर कॉलोनी में मंगलवार सुबह 33 वर्षीय जितेंद्र का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा था, लेकिन सोमवार शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे प्रकरण ने नया और चौंकाने वाला मोड़ ले लिया।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है, जिससे पुलिस और परिजनों में हड़कंप मच गया।
पत्नी पर हत्या कराने का आरोप
मृतक के परिजनों ने जितेंद्र की पत्नी ज्योति प्रजापति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि ज्योति लगातार जितेंद्र को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी और साजिश के तहत उसकी हत्या कराई गई है। बताया गया कि जितेंद्र और ज्योति का 25 नवंबर 2025 को प्रेम विवाह हुआ था। शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था।सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की गहन जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पति से विवाद के बाद महिला ने लगाई फांसी
इसके अलावा दूसरा मामला शहर के थाना बारादरी क्षेत्र के चक अब्बास नगर का है। यहां याकूब के मकान में किराये पर रह रहे शारिक की 30 वर्षीय पत्नी मुस्कान ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। विवाद के बाद नाराज होकर शारिक घर से बाहर चला गया। रात में मुस्कान ने छत पर कुंडे के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस मामले में फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
जिले में बढ़ते दंपती विवाद, पुलिस जांच में जुटी
लगातार सामने आ रहे पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस दोनों ही मामलों में सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जहां एक ओर हत्या के मामले में साजिश की परतें खुलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर आत्महत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
