हिमाचल प्रदेश : कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। जयसिंहपुर के शिवनगर क्षेत्र में एक निजी स्कूल की बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 18 छात्र घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत खैरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आठ छात्रों को पालमपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी बच्चे पहाड़ा गांव स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ते हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस में आई तकनीकी खराबी बताई जा रही है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस ने स्कूल बस को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मौके पर मौजूद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा गया।
