कोतवाली क्षेत्र में एनकाउंटर, महिलाओं के कानों से कुंडल छीनने वाला बदमाश दबोचा
बरेली : शहर में महिलाओं से झपटमारी की वारदातों को अंजाम दे रहे बदमाश के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक शातिर झपटमार बदमाश को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाश बीते कई दिनों से स्कूटी सवार महिलाओं को निशाना बनाकर उनके कानों से कुंडल छीन रहा था।
चेकिंग के दौरान भागा बदमाश, जंगल में हुई मुठभेड़
जानकारी के मुताबिक 19 और 24 जनवरी को अयूब खां चौराहे समेत कोतवाली इलाके में बाइक सवार बदमाश ने दो महिलाओं से कान के कुंडल छीने थे। लगातार बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस बदमाश की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मंगलवार देर रात चौपला चौराहे के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भाग निकला। भागते हुए बदमाश रेलवे कॉलोनी के जंगल की ओर पहुंचा, जहां उसकी बाइक फिसल गई। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही दबोच लिया गया।
दिव्यांश वर्मा उर्फ अंकित गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
पकड़े गए बदमाश की पहचान दिव्यांश वर्मा उर्फ अंकित, निवासी कैंट थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।पुलिस ने उसके पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, छीना गया कान का कुंडल, कुंडल बेचने से मिले करीब 5570 रुपये, घटना में इस्तेमाल बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
अस्पताल में भर्ती, आगे की कार्रवाई जारी
घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।पुलिस के मुताबिक आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, और उससे पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों का खुलासा हो सकता है।
जानें क्या बोले CO सिटी
इस मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि शहर में महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
