बरेली/शाहजहांपुर : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद में सोमवार आधी रात के बाद एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। हादसा मदनापुर थाना क्षेत्र में इको कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत से हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक में आग लग गई और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में चार युवकों सहित दो अन्य की जान चली गई। जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।पुलिस के मुताबिक मदनापुर थाना क्षेत्र में काबिलपुर गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप बरेली की ओर जा रही बाइक और सामने से आ रही इको कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक में आग लग गई और घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।
चारों दोस्तो की गई जान

बाइक सवार चारों युवक, जो आपस में दोस्त थे और एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसमें रवि (20 वर्ष), निवासी नजरपुर, तिलहर, आकाश (20 वर्ष), निवासी नजरपुर, दिनेश (19 वर्ष), निवासी नजरपुर, अभिषेक (19 वर्ष), निवासी नजरपुर और इको कार में सवार सुधीर (40 वर्ष), निवासी करनपुर, फरीदपुर, बरेली और सोनू (18 वर्ष), निवासी करनपुर, फरीदपुर की मौत की बात सामने आई है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच

राहगीरों की सूचना के जाने के बाद मदनापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी, फिर वहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। डॉक्टरों ने छहों को मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मंगलवार सुबह एसपी राजेश द्विवेदी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि चार अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
परिजनों में छाया मातम

घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पोस्टमॉर्टम हाउस पर चीख-पुकार का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
