बरेली : यूपी के बरेली में राहुल सागर की दबंगों द्वारा पिटाई के बाद हुई मौत के मामले में बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर मुख्य आरोपी लकी लभेड़ा को गुरुवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में पुलिस की गोली लगी है, जबकि कार्रवाई के दौरान सिपाही अक्षय तोमर भी घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधार के रुपये मांगने पर हुई थी मारपीट
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा के अनुसार, राहुल सागर ने कुछ लोगों से उधार दिए रुपये वापस मांगे थे। इसी बात को लेकर शराब पार्टी कर रहे दबंगों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल राहुल का इलाज चल रहा था,लेकिन 21 जनवरी को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराते हुए विवेचना में हत्या की धारा जोड़ दी।
मुखबिर की सूचना पर हुई मुठभेड़
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।इसी दौरान गुरुवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी लकी लभेड़ा इलाके में मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी की, तो आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैरों में लगी और उसे मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और एक बाइक भी बरामद की है। मुठभेड़ के दौरान सिपाही अक्षय तोमर भी घायल हो गए। उन्हें भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद बढ़ा था बवाल
राहुल सागर की मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया था। मृतक अनुसूचित वर्ग से था, जिसके चलते पुलिस ने केस में गैर इरादतन हत्या के साथ एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी थीं। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों, खासकर महिलाओं ने पोस्टमॉर्टम हाउस पर हंगामा और सड़क जाम किया था।
एसएसपी ने दिए थे सख्त निर्देश
हंगामे की सूचना मिलते ही एसएसपी अनुराग आर्य ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और थाना प्रभारी से प्रगति रिपोर्ट तलब की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
एसी उत्तरी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।
