बरेली : सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के साथ-साथ आमजन और विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। इस दौरान प्रवर्तन अभियान के दौरान दो -पहिया वाहनों में अवैध व अनधिकृत रूप से लगाए गए मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस क्रम में दो दो-पहिया वाहनों का चालान मोटर वाहन अधिनियम के तहत किया गया। इसके अलावा सार्वजनिक मार्गों और नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े 41 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाया जा सके।
वाहन चालकों को किया गया जागरूक

अभियान के दौरान मार्गों पर नियमित वाहन जांच की गई। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन, वाहन में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न करने और निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने के लिए जागरूक किया गया।
स्कूल में चला जागरूकता कार्यक्रम

सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यात्री/मालकर अधिकारी रमेश चंद्र प्रजापति द्वारा गुरुवार को बदायूं रोड स्थित सिटी पब्लिक स्कूल में प्रातःकालीन सभा के दौरान छात्र-छात्राओं से संवाद किया गया। इस अवसर पर बच्चों को “शिक्षित ही नहीं, सुरक्षित भी” विषय पर जागरूक किया गया और परिवहन एवं यातायात नियमों के पालन का संकल्प दिलाया गया।
सीट बेल्ट और हेलमेट की उपयोगिता पर जोर
कार्यक्रम के दौरान सीट बेल्ट और हेलमेट की सड़क सुरक्षा में उपयोगिता और महत्ता पर विस्तृत चर्चा की गई। विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया गया कि सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को विद्यालय आने-जाने के दौरान सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग कराने के निर्देश जारी किए जाएं।
बिना परमिट स्कूल वाहन का चालान
अभियान के दौरान एक स्कूल वाहन बिना वैध परमिट के संचालित पाया गया, जिस पर चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही संबंधित विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना वैध परमिट, फिटनेस और आवश्यक दस्तावेजों के किसी भी स्थिति में विद्यालय वाहन का संचालन न किया जाए। परिवहन विभाग ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत इस प्रकार के प्रवर्तन और जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके और जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
