लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व विधायक शिवपाल सिंह यादव का बड़ा बयान सामने आया है। शिवपाल यादव ने साफ शब्दों में कहा कि समाजवादी पार्टी को एआईएमआईएम या किसी अन्य दल की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा अपने दम पर चुनाव लड़ती है और सरकार बनाती है। शिवपाल यादव ने भरोसा जताते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी समाजवादी पार्टी अकेले दम पर सरकार बनाएगी।
शिवपाल सिंह यादव ने यह बातें समाजवादी आंदोलन के प्रखर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि के अवसर पर कहीं। इस दौरान उन्होंने जनेश्वर मिश्र को याद करते हुए कहा कि वे अपने पूरे जीवन में कभी भी अपने सिद्धांतों से विचलित नहीं हुए। उन्होंने समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई और एक सच्चे सहयोगी के रूप में समाजवादी आंदोलन को बहुत आगे तक पहुंचाया। शिवपाल यादव ने कहा कि आज उनकी पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी उन्हें नमन करती है और श्रद्धांजलि अर्पित करती है।
कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने जनेश्वर मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। शिवपाल यादव ने अपने बयान के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति भी स्पष्ट कर दी है। उन्होंने संकेत दिया कि समाजवादी पार्टी किसी भी प्रकार के राजनीतिक गठबंधन पर निर्भर नहीं है और जनता के समर्थन के बल पर सत्ता में वापसी करेगी। कार्यक्रम के दौरान समाजवादी विचारधारा, जनेश्वर मिश्र के योगदान और पार्टी के भविष्य को लेकर नेताओं ने विस्तार से चर्चा की। इस मौके पर कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिला और 2027 के चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
