अलीगढ़ : क्रिकेटर रिंकू सिंह एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। इस बार मामला सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक AI वीडियो से जुड़ा है, जिसे लेकर अलीगढ़ में करणी सेना ने कड़ा विरोध जताया है और थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
दरअसल, रिंकू सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्हें क्रिकेट मैदान पर शॉट खेलते हुए दिखाया गया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, “तुम्हें क्रिकेटर किसने बनाया?” इसके बाद की फुटेज में भगवान शिव, हनुमान, विष्णु और गणेश को AI अवतार में थार गाड़ी में बैठे हुए दिखाया गया है। सभी देवी-देवताओं को काला चश्मा पहने दिखाया गया है और बैकग्राउंड में अंग्रेजी गाना चल रहा है, जबकि बजरंगबली को वाहन चलाते हुए दर्शाया गया है। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई। कुछ यूजर्स का कहना है कि रिंकू सिंह के इरादे धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने के नहीं थे, जबकि कई लोग इसे धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ बता रहे हैं।
मामले को लेकर करणी सेना भड़क उठी। संगठन के जिलाध्यक्ष सुमित तोमर ने कार्यकर्ताओं के साथ अलीगढ़ के सासनी गेट थाने पहुंचकर रिंकू सिंह के खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो में देवी-देवताओं को आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया है, जिससे सनातन धर्म की भावनाएं आहत हुई हैं। करणी सेना ने रिंकू सिंह से सार्वजनिक माफी की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।वहीं इस पूरे मामले पर सासनी गेट थाना प्रभारी ने बताया कि करणी सेना की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। वीडियो की सत्यता और तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
