एटा : उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सोमवार को दिनदहाड़े एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। दवा कारोबारी के पिता, पत्नी और बेटी के सिर कूचकर हत्या की गई, जबकि उनकी बुजुर्ग मां गंभीर हालत में घायल मिलीं।
यह दिल दहला देने वाली वारदात कोतवाली नगर क्षेत्र के नगला प्रेमी इलाके की है। घटना के समय घर में चार ही लोग मौजूद थे। हमलावरों ने इंटरलॉकिंग की ईंट से सिर पर वार कर तीनों की जान ले ली। मौके पर खून से सनी ईंट बरामद हुई है, जिससे वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों की पहचान गंगा सिंह (75), उनकी बहू रत्ना देवी (45) और पोती ज्योति (20) के रूप में हुई है। वहीं, गंगा सिंह की पत्नी श्यामा देवी (70) गंभीर रूप से घायल अवस्था में फर्श पर तड़पती मिलीं। सांस चलते देख पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल भिजवाया। घटना का खुलासा तब हुआ, जब परिवार का एक बच्चा स्कूल से घर लौटा। कमरे में पंखा चलता देख उसे शक हुआ। अंदर का दृश्य देखकर उसकी चीख निकल पड़ी और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। साक्ष्य जुटाकर कमरे को सील कर दिया गया है। फिलहाल न तो लूटपाट के कोई निशान मिले हैं और न ही परिजन किसी रंजिश की बात स्वीकार कर रहे हैं। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। इस जघन्य हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
