बरेली : साइबर ठगों ने बरेली के जिलाधिकारी (डीएम) अविनाश सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को ठगने की कोशिश की है। ठगों द्वारा बनाई गई इस फेक आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई। जिसे अब तक 100 लोगों ने स्वीकार कर लिया। मामला सामने आते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। डीएम अविनाश सिंह को जैसे ही इस फर्जी फेसबुक आईडी की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल सोशल मीडिया के माध्यम से आम जनता को सतर्क किया। डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनके नाम से बनाई गई। यह आईडी पूरी तरह फर्जी है, और इससे किसी भी प्रकार की धनराशि की मांग की जाती है तो लोग कतई पैसा न दें।
साइबर ठगी की आशंका, जांच में जुटा प्रशासन
प्रशासन को आशंका है कि फर्जी आईडी के जरिए लोगों से निजी बातचीत कर पैसों की मांग या संवेदनशील जानकारी हासिल करने की साजिश रची जा सकती थी।मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल और संबंधित एजेंसियों को जांच के निर्देश दिए गए हैं। फर्जी आईडी बनाने वाले साइबर ठगों की पहचान और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक पदाधिकारी या प्रभावशाली व्यक्ति के नाम से आने वाली सोशल मीडिया रिक्वेस्ट को स्वीकार करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या फर्जी प्रोफाइल की जानकारी तुरंत प्रशासन या साइबर हेल्पलाइन को दें। यह घटना एक बार फिर यह साबित करती है कि साइबर ठग लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं और सतर्कता ही इससे बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।
फेसबुक से किया सतर्क

डीएम की फेसबुक पर फर्जी आईडी से फेसबुक को लेकर सतर्क किया गया है। सोशल मीडिया की जिम्मेदारी संभालने वाले ई-डिस्ट्रक्ट मैनेजर ने The Justice HINDI को बताया कि डीएम साहब की फर्जी फेसबुक बनाई थी। इससे ठगी की कोशिश की गई थी। जिसके चलते लोगों को सूचना देकर सतर्क किया गया है। इस मामले में सोमवार को साइबर सेल से शिकायत की जाएगी।
