बरेली : कोरोना काल के दौरान बंद की गई बरेली से बांदीकुई के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन एक बार फिर शुरू होने जा रही है। यह ट्रेन 30 जनवरी, 2026 से संचालित की जाएगी। ट्रेन चंदौसी और अलीगढ़ मार्ग से गुजरते हुए रास्ते के सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। जिससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा बरेली अमृत भारत एक्सप्रेस से भी जुड़ गया है।
सांसद ने की आधिकारिक घोषणा
बरेली जंक्शन स्थित वीआईपी गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बरेली लोकसभा सीट के सांसद छत्रपाल गंगवार ने ट्रेन संचालन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। जिसे अब रेलवे ने पूरा कर दिया है। ट्रेन की समय-सारणी जल्द ही जारी कर दी जाएगी। प्रेस वार्ता में सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता, सीएमआई मोहम्मद इमरान चिश्ती समेत रेलवे के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
अमृत भारत एक्सप्रेस से भी जुड़ा बरेली
सांसद ने बताया कि बरेली को अमृत भारत एक्सप्रेस की सुविधा भी मिल गई है। गाड़ी संख्या 13065 अमृत भारत एक्सप्रेस 22 जनवरी से हावड़ा से चलकर शुक्रवार रात लगभग नौ बजे बरेली पहुंचेगी और आगे आनंद विहार टर्मिनल के लिए रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 13066 अमृत भारत एक्सप्रेस 24 जनवरी से आनंद विहार टर्मिनल से चलकर शनिवार सुबह बरेली पहुंचेगी और अगले दिन हावड़ा पहुंचेगी।
रेलवे विकास कार्यों को मिलेगी नई गति
प्रेस वार्ता में सांसद ने बरेली क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित रेलवे विकास कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बरेली जंक्शन और सीबीगंज स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज बनाए जाने की योजना है। इसके साथ ही श्मशान भूमि के पास स्थित समपार फाटक संख्या 359/बी पर अंडरपास का निर्माण कार्य जारी है।
फरीदपुर समेत कई इलाकों को जाम से मिलेगी राहत
समपार फाटक संख्या 352सी पर रोड ओवर ब्रिज का निर्माण भी शुरू हो चुका है। इसके पूरा होने से फरीदपुर कस्बा, सितारगंज, लौंगपुर, मझवा और बुखारा गांव के लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। यह मार्ग बदायूं स्टेट हाईवे से भी जुड़ता है, जिससे आवागमन और सुगम होगा।
भविष्य की योजनाएं भी तैयार
सांसद ने बताया कि बरेली स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो और तीन के विकास का प्रस्ताव है। नगरिया सादात स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज, बरेली स्टेशन के पूर्वी यार्ड में दो अंडरपास, रेल फाटक संख्या 372सी और परसाखेड़ा स्टेशन पर अंडरपास, जबकि भिटौरा स्टेशन के फाटक संख्या 371सी पर फ्लाईओवर निर्माण की योजना भी प्रस्तावित है।
