हाईवे बने मौत के रास्ते, बस-ट्रक भिड़ंत से लेकर बाइक-टेम्पो टक्कर में 45 से अधिक घायल
लखनऊ/बरेली/अमरोहा : यूपी में घने कोहरे ने रविवार को जानलेवा रूप ले लिया। अलग-अलग जिलों में हुए 24 सड़क हादसों में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 45 से अधिक लोग घायल हुए हैं। बरेली मंडल में कोहरे का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। यहां बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में एक के बाद एक भीषण सड़क दुर्घटनाएं हुईं। दिल्ली-लखनऊ हाईवे से लेकर स्टेट हाईवे और ग्रामीण सड़कों तक कोहरा हादसों की बड़ी वजह बना।
बरेली के फरीदपुर में 20 वाहन भिड़े, एक की मौत
बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में रविवार सुबह करीब आठ बजे शुगर मिल के पास लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर घना कोहरा छाया हुआ था। दृश्यता लगभग शून्य हो गई थी। इसी दौरान एक रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई और फिर पीछे से आ रहे वाहन एक-दूसरे से भिड़ते चले गए। इस श्रृंखलाबद्ध हादसे में करीब 20 वाहन टकरा गए। हादसे में सोहराब गेट डिपो की रोडवेज बस के चालक अतर सिंह (निवासी ग्राम बहादुरपुर हुसैनपुर, मुजफ्फरनगर) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों के मृत घोषित करने की बात सामने आई है। हादसे में 24 लोग घायल हुए, जिनका इलाज जिला अस्पताल और निजी नर्सिंग होम में जारी है।
भुता में ट्रक-कार भिड़ंत, दंपती समेत तीन घायल
बरेली के भुता कस्बे में बरेली- बीसलपुर रोड पर बाजार के सामने कोहरे के कारण ट्रक और कार की टक्कर हो गई। कार सवार संगम वाजपेई, उनकी पत्नी प्रियंका मिश्रा और साले सचिन मिश्रा घायल हो गए। कार के एयरबैग खुलने से बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि, वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को सीएचसी बिथरी चैनपुर में भर्ती कराया गया।
शाहजहांपुर में साले-बहनोई की दर्दनाक मौत
शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र में सीतापुर-बरेली नेशनल हाईवे पर चकभिटारा मोड़ के पास ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक ट्रक के पिछले पहिए में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे में बाइक चालक महावीर (45 वर्ष) और उनके साले हेमनाथ (30 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।एक टेंपो चालक भी घायल हुआ है। ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पीलीभीत के असम हाईवे पर पीएसी वाहन हादसे का शिकार
पीलीभीत में असम हाईवे पर पीएसी की गाड़ी कोहरे के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में चालक समेत आठ पीएसी जवान घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आगरा में बिजली विभाग के जेई को ट्रक ने रौंदा
आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात अज्ञात ट्रक ने डीवीवीएनएल के जेई शैलेंद्र सिंह (48 वर्ष) को कुचल दिया। यह दर्दनाक हादसा उनके बेटे की आंखों के सामने हुआ। मौके पर ही जेई की मौत हो गई। पुलिस ट्रक की तलाश में जुटी है।
रामपुर में टेम्पो ने बाइक सवार पिता-पुत्र और भतीजे को कुचला
रामपुर के शहजादनगर थाना क्षेत्र में गलत दिशा से आ रहे टेम्पो ने बाइक सवार पिता, पुत्र और भतीजे को टक्कर मार दी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मजदूरी के लिए रामपुर जा रहे थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं।
अमरोहा में घने कोहरे में 10 गाड़ियां टकराईं, 10 से ज्यादा घायल
अमरोहा एनएच हाईवे पर घने कोहरे में 10 वाहन टकरा गए। इससे 10 से अधिक लोग घायल हो गए। इसके अलावा बहराइच में बाइक ट्रक से टकरा गई। जिसके चलते चाचा की मौत हो गई, और भतीजा गंभीर रूप से घायल है। झांसी में सेमरी टोल प्लाजा पर डंपर की टक्कर से टोल कर्मी गंभीर घायल हो गया। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के दौरान धीमी गति, फॉग लाइट और सुरक्षित दूरी का पालन करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
