एसपी चीफ का चार करोड़ वोट कटने का दावा, SIR प्रक्रिया पर उठाए गंभीर सवाल, बोले – 2027 में भाजपा का पता नहीं चलेगा, कार्यकर्ताओं से घर-घर जाने की अपील
लखनऊ : एसपी चीफ अखिलेश यादव ने भाजपा पर मतदाता सूची की एसआईआर (Special Intensive Revision) प्रक्रिया के जरिए धांधली करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा दोबारा फर्जी वोट बनवाने की साजिश में लगी है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को अपवित्र करने पर उतावली है। सपा मुख्यालय, लखनऊ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि यदि वोट बनाने की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की हेराफेरी की गई, तो फर्जी वोट बनवाने वालों, संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि एफआईआर का प्रारूप समाजवादी पार्टी के सभी बीएलए और बूथ प्रभारियों को भेजा जा रहा है, ताकि किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कानूनी कार्रवाई हो सके।
भाजपा की साजिशों से रहें सतर्क

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ता एकजुट होकर घर-घर जाएं, जनता से संवाद करें और पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों की जानकारी दें। उन्होंने प्रदेश की जनता से भाजपा की कथित साजिशों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता और मतदाता भाजपा के साथ नहीं हैं।
भाजपा भूमाफिया की भूमिका में
उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा भूमाफिया की भूमिका में है, सरकारी और गरीबों की जमीनों पर अवैध कब्जे कराए जा रहे हैं। भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है और हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार की सारी हदें पार कर दी हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का नामोनिशान नहीं बचेगा।
गृह मंत्रालय के कार्य को भाजपा चुनाव आयोग से करा रही है..

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दावा किया कि मतदाता सूची के नाम पर की जा रही एसआईआर प्रक्रिया ही वास्तव में एनआरसी है। उन्होंने कहा कि जो काम गृह मंत्रालय का था, उसे भाजपा सरकार चुनाव आयोग से करवा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के बाद भी मतदाता सूची में कई खामियां सामने आ रही हैं। मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं चार करोड़ वोट कटने की बात स्वीकार किए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को लेकर केन्द्रीय और राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों में भारी अंतर है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों में भारी अंतर
केन्द्रीय निर्वाचन आयोग के अनुसार जहां मतदाताओं की संख्या 12 करोड़ 56 लाख है, वहीं राज्य निर्वाचन आयोग की सूची में सिर्फ ग्रामीण क्षेत्रों में ही 12 करोड़ 69 लाख मतदाता दर्ज हैं। शहरी मतदाताओं को जोड़ने पर यह संख्या 17 करोड़ से अधिक हो जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मतदाता सूची तैयार करने वाले बीएलओ और अधिकारी वही हैं, तो फिर मतदाताओं की संख्या में इतना अंतर कैसे हो सकता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सैकड़ों समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया।
UPSSSC रिजल्ट में देरी, अभ्यर्थियों ने अखिलेश यादव को सौंपा ज्ञापन
यू.पी.एस.एस.एस.सी. द्वारा ऑडिटर तथा सहायक लेखाकार/लेखा परीक्षक पदों की परीक्षा व अभिलेख परीक्षण पूरा होने के बावजूद रिजल्ट जारी न होने से नाराज अभ्यर्थियों ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों ने दोनों भर्तियों में समान योग्यता होने के कारण उत्पन्न ओवरलैपिंग की समस्या समाप्त कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि देरी से आयु सीमा के अंतिम पड़ाव पर पहुंचे उम्मीदवारों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इस मौके पर समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. इमरान भी मौजूद थे।
लोहड़ी पर्व पर अखिलेश यादव ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हर्षोल्लास और उमंग के पावन पर्व लोहड़ी पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोहड़ी प्रकृति के प्रति आस्था और समृद्धि का प्रतीक पर्व है। समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर पंजाबी समाज के अध्यक्ष एवं लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर उन्हें लोहड़ी की बधाई दी और रेवड़ी व मिठाई भेंट की। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। मुलाकात के दौरान सिंह साहब (रूबल), सचिन चड्ढा, कुश अरोड़ा, संतोष रावत और हार्दिक मनोचा भी उपस्थित रहे।
नववर्ष पर सपा प्रमुख से मिले कामिल अंसारी, भदोही का हस्तनिर्मित कालीन किया भेंट

सपा प्रमुख अखिलेश यादव से सपा राज्य मुख्यालय, लखनऊ में भदोही के जिला उपाध्यक्ष कामिल अंसारी ने मुलाकात कर नववर्ष की बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने समाजवादी पार्टी के झंडे के रंग और चुनाव निशान साइकिल पर आधारित हस्तनिर्मित भदोही कालीन उपहार स्वरूप भेंट किया। अखिलेश यादव ने कालीन भेंट करने के लिए कामिल अंसारी का आभार व्यक्त किया और भदोही के कारीगरों की कला की सराहना की।
