मेरठ: कपसाड़ गांव में दलित महिला सुनीता की हत्या और उनकी बेटी रूबी के अपहरण के मामले में पुलिस ने अहम कार्रवाई की। आरोपी पारस सोम को कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस मामले में पारस सोम ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुनीता की हत्या की थी और रूबी का अपहरण किया था। पुलिस ने शनिवार को आरोपी और अपहृत बच्ची को हरिद्वार से बरामद किया। रविवार को रूबी को एसीजेएम द्वितीय की कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस ने करीब 50 मिनट तक उसका बयान दर्ज किया। इसके बाद बच्ची को सुरक्षित वापस पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
शाम को पारस सोम को सीजएम कोर्ट में पेश किया गया, और अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में मेरठ जिला कारागार भेज दिया। इस दौरान कचहरी परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा और मीडिया कर्मियों तथा राजनीतिक दलों के लोग मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि जांच अभी जारी है और मामले के सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है।
