बरेली/लखनऊ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (UP Board) से संबद्ध हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों के लिए अहम खबर है। जिले में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के चलते स्थगित की गई प्री-बोर्ड परीक्षाएं अब सोमवार से शुरू होने जा रही हैं। सभी स्कूलों में अवकाश समाप्त होने के बाद परीक्षा प्रक्रिया दोबारा शुरू की जा रही है। पहले प्री-बोर्ड परीक्षाएं 7 जनवरी से प्रस्तावित थीं, लेकिन अत्यधिक ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने 12वीं तक के सभी विद्यालयों में 10 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया था। अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार से स्कूल खुलेंगे और परीक्षाएं अपने तय शेड्यूल पर आयोजित होंगी।
परीक्षा का समय रहेगा पहले जैसा
जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) डॉ. अजीत कुमार ने स्पष्ट किया है कि प्री-बोर्ड परीक्षाओं के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सभी परीक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक आयोजित की जाएंगी। सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ही परीक्षा संचालन सुनिश्चित करें।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा कार्यक्रम
12 जनवरी को हाईस्कूल की गणित, गृह विज्ञान, इंटरमीडिएट की गणित, जीव विज्ञान, अन्य व्यावसायिक विषय, 13 जनवरी को हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान, इंटरमीडिएट की अंग्रेजी, व्यावसायिक ट्रेड-04, 15 जनवरी को हाईस्कूल की अंग्रेजी इंटरमीडिएट की इतिहास, भूगोल, चित्रकला, 16 और 17 जनवरी को हिंदी, विज्ञान, समाजशास्त्र सहित अन्य प्रमुख विषय, 19 जनवरी को हाईस्कूल की चित्रकला, कंप्यूटर, संगीत, इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान, बहीखाता, 20 और 21 जनवरी को इंटरमीडिएट की अर्थशास्त्र, रसायन विज्ञान, गृह विज्ञान इन्हीं दिनों के साथ प्री-बोर्ड परीक्षाओं का समापन होगा।
बोर्ड परीक्षा की तैयारी का अहम पड़ाव
प्री-बोर्ड परीक्षाएं छात्रों के लिए बोर्ड परीक्षा की तैयारी का अहम चरण मानी जाती हैं। इससे छात्रों को परीक्षा पैटर्न, समय प्रबंधन और कमजोर विषयों की पहचान करने में मदद मिलती है। शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से कराई जाए।
