बरेली : विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत शनिवार को जिले भर के बूथों पर मतदाता सूची को लेकर अहम प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) द्वारा बूथों पर आमजन को निर्वाचक नामावली की अंतिम सूची पढ़कर सुनाई गई, जिससे मतदाताओं को अपने नाम, विवरण और आपत्तियों की जानकारी मिल सके। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह स्वयं फील्ड में उतरे और कई मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इन बूथों पर पहुंचे डीएम

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने हाफिज सद्दीकी इंटर कॉलेज, रविन्द्र नाथ टैगोर इंटर कॉलेज, आर्य पुत्री इंटर कॉलेज, सरस्वती शिशु मंदिर कॉलेज, साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में बनाए गए बूथों पर पहुंचकर बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने नामावली पठन, मतदाताओं की उपस्थिति, शिकायत निस्तारण और प्रक्रिया की पारदर्शिता को परखा।
06 जनवरी को प्रकाशित हो चुकी है अंतिम सूची

प्रशासन की ओर से बताया गया कि विधानसभा निर्वाचक नामावली की अंतिम सूची 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित की जा चुकी है। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी ड्राफ्ट सूची उपलब्ध करा दी गई है। यह सूची ऑनलाइन भी उपलब्ध है, जिसे कोई भी मतदाता डाउनलोड कर देख सकता है।
06 फरवरी तक कर सकते हैं दावा-आपत्ति
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता 06 फरवरी 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। नोटिस चरण एवं दावों/आपत्तियों का निस्तारण 06 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 06 मार्च 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
नए मतदाताओं के लिए बड़ी राहत
डीएम अविनाश सिंह ने जानकारी दी कि 01 जनवरी 2026 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके, नवयुवा, या ऐसे पात्र मतदाता जिनका नाम अभी सूची में शामिल नहीं है, वे बीएलओ से प्रारूप-6 प्राप्त कर आवेदन कर सकते हैं और अपना नाम निर्वाचक नामावली में जुड़वा सकते हैं। बूथों पर मौजूद रहे अधिकारी और आमजन। इस दौरान सभी बूथों पर ईआरओ (Electoral Registration Officer) सुपरवाइजर, बीएलओ एवं बड़ी संख्या में आम मतदाता मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची को लेकर पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और जनभागीदारी आधारित है।
