बरेली बार एसोसिएशन चुनाव में कांटे की टक्कर, कुछ पदों पर रिकॉर्ड जीत
बरेली : बरेली बार एसोसिएशन के द्विवार्षिक चुनाव 2026 ने इस बार अधिवक्ता जगत में जबरदस्त हलचल पैदा कर दी। मतदान से लेकर मतगणना तक बार परिसर पूरी तरह चुनावी रंग में डूबा रहा। अधिवक्ताओं में उत्साह चरम पर दिखा और कई पदों पर मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जबकि कुछ सीटों पर भारी जीत ने सबका ध्यान खींचा। हालांकि, सचिव पद की काउंटिंग के दौरान काफी कहासुनी हुई। जिसके चलते बीच में काउंटिंग रोकनी पड़ी।
अध्यक्ष पद पर मनोज हरित ने दोहराई जीत
अध्यक्ष पद पर निवर्तमान अध्यक्ष मनोज हरित ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ साबित करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंदी ज्वाला प्रसाद गंगवार को 123 वोटों से पराजित किया। लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनने वाले मनोज हरित को युवा और वरिष्ठ अधिवक्ताओं यानी दोनों वर्गों का व्यापक समर्थन मिला, जिसे उनकी जीत का बड़ा कारण माना जा रहा है।
सचिव पद पर सांसें रोक देने वाला मुकाबला
सचिव पद पर चुनाव सबसे अधिक रोमांचक रहा। दीपक पांडेय और गौरव राठौर के बीच कांटे की टक्कर हुई। जिसमें अंततः दीपक पांडेय ने महज 24 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। मतगणना के दौरान बार परिसर में तनावपूर्ण माहौल रहा और परिणाम आने तक सभी की निगाहें टिकी रहीं।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष बने जयपाल कश्यप
चुनाव में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर जयपाल कश्यप ने अनुपम अग्रवाल को 21 वोटों से हराया, उपाध्यक्ष के पद पर हुलसी राम ने अमित सिंह को 50 वोटों से पराजित किया। उन्हें 565 और अमित सिंह को 515 वोट मिले। कनिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर रजत मोहन ने नसीम सैफी को 514 वोटों के भारी अंतर से हराया। उन्हें 1029 और विपक्षी प्रत्याशी को 515 वोट मिले। संयुक्त सचिव (प्रकाशन) पद पर शांतनु मिश्रा ने 881 वोट हासिल कर सबसे बड़ी जीत दर्ज की, रीना सिंह को 438 वोटों से हराया संयुक्त सचिव (प्रशासन) पद पर रोहित कुमार यादव ने मो. आमिर को 234 वोटों से पराजित किया
धर्मवीर सिंह बने कोषाध्यक्ष
कोषाध्यक्ष के पद पर धर्मवीर सिंह ने जीत दर्ज की। उन्होंने ललित कुमार को 267 वोटों से शिकस्त दी। पुस्तकालय सचिव के पद पर सौरभ अग्निहोत्री ने प्रेरणा को 19 वोटों से हराया। जूनियर कार्यकारिणी में हेमंत कुमार, पूजा साहू, रविकर यादव, विनीत सक्सेना, मध्यम सक्सेना और रोहित गंगवार को जूनियर कार्यकारिणी के लिए चुना गया।
बार परिसर में जश्न, नई टीम से बड़ी उम्मीदें
चुनाव परिणाम घोषित होते ही बार परिसर जश्न में डूब गया। मिठाइयां बांटी गईं और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाइयों का सिलसिला चला। अधिवक्ताओं को अब नई कार्यकारिणी से पारदर्शी, सक्रिय और विकासोन्मुख कार्यशैली की उम्मीद है। माना जा रहा है कि यह टीम अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान और बार के समग्र विकास के लिए ठोस कदम उठाएगी।
