बरेली : बहेड़ी थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से 7 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मोहल्ले में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला शाहजी नगर नई बस्ती निवासी मोहसिन की 7 वर्षीय बेटी शबनूर घर से खेलने के लिए बाहर निकली थी। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार और आसपास के लोगों ने बच्ची की तलाश शुरू की।
करीब दो घंटे तक खोजबीन के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान मकान परिसर में बने एक खुले सेप्टिक टैंक में जब तलाश की गई, तो बच्ची का हाथ दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को सेप्टिक टैंक से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि परिजनों ने देर रात ही बच्ची का दफन कर दिया। इस घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। हादसे ने एक बार फिर खुले सेप्टिक टैंकों और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
